पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में एक अणे मार्ग स्थित संकल्प में बाढ़- 2019 से क्षति के आलोक में किए गए साहाय्य कार्यों की समीक्षात्मक बैठक हुई। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने कृषि विभाग, जल संसाधन विभाग, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों के द्वारा हुई क्षति के विवरण की राशि के बारे में जानकारी दी। केंद्रीय सहायता हेतु ज्ञापन में भेजी गई राशि के बारे में भी बताया गया। बैठक में कृषि इनपुट सब्सिडी के लिए अब तक जारी की गई राशि के बारे में भी जानकारी दी गई। गृह क्षति के लिए भी उपलब्ध करायी गई राशि की भी जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इनपुट सब्सिडी की राशि लोगों को जल्द से जल्द वितरण करें। जिनका गृह क्षति हुआ है उनका आकलन कर सभी को राशि उपलब्ध करायी जाए। आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। बैठक में आपदा प्रबंधन मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, मुख्य सचिव दीपक कुमार, प्रधान सचिव आपदा प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, प्रधान सचिव पशु एवं मत्स्य विभाग एन.विजय लक्ष्मी, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव विनय कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, कृषि विभाग के प्रधान सचिव एन.श्रवण कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव कुमार हंस, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।