प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज 901 करोड़ की घोषणाओं के लिए आभार प्रकट करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर संजय जायसवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज दी गयी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस से जुड़ी 901 करोड़ रुपये की तीन सौगातें महिला सशक्तिकरण की ओर बढ़ते बिहार में एक नया आयाम स्थापित करेंगी।
डॉक्टर जायसवाल ने आज यहां कहा कि राष्ट्र को समर्पित पेट्रोलियम क्षेत्र से जुड़ी तीन प्रमुख परियोजनाओं में पारादीप- हल्दिया- दुर्गापुर पाइपलाइन विस्तार परियोजना का दुर्गापुर-बांका खंड और दो एलपीजी बॉटलिंग संयंत्र शामिल हैं। इन परियोजनाओं के लोकार्पण से बिहार को मिला स्वच्छ ईंधन और तेज विकास से संवरता जीवन। इस पुनीत कार्य के लिए बिहारवासियों की ओर से प्रधान मंत्री जी के प्रति हृदय से आभार। उन्होंने कहा कि पारादीप-हल्दिया- दुर्गापुर पाइप लाइन के दुर्गापुर-बांका के बीच 634 करोड़ की लागत से 193 किमी तक पाइप लाइन का विस्तार, बांका में ही 131 करोड़ की लागत से बने एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से न केवल बांका बल्कि भागलपुर, जमुई, अररिया, किशनगंज, कटिहार जिले तक एलपीजी पहुंच जाएगा। इसी प्रकार पूर्वी चंपारण के सुगौली में 136 करोड़ रुपये की लागत से न्यू एलपीजी बॉलिंग प्लांट से पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, मुज़्ज़फ्फरपुर, सिवान, गोपालगंज एवम सीतामढ़ी तक एलपीजी पहुंचाया जा सकेगा।
डॉक्टर जायसवाल ने कहा कि एनडीए की सरकार काम में विश्वास करती है। याद रहे कि 2014 में बिहार में एलपीजी की पहुंच मात्र 51 लाख घरों तक ही थी लेकिन एनडीए की सरकार ने महज छह वर्षों के भीतर इसकी पहुंच 1.79 करोड़ घरों तक पहुंचा दी है। आने वाले में इसकी पहुंच में विस्तार व बढ़ोत्तरी स्वभाविक है। उन्होंने कहा कि सन 2014 के पहले राज्य में 98 हजार गैस सिलेंडर की तुलना में आज 26 लाख गैस सिलेंडर का बितरण बिहार में प्रतिदिन हो रहा है। तब की निठल्ली और आज की काम करने वाली सरकार में यही फर्क है। इन तीनो परियोजनाओं से लाखों स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। बिहार को इस लोकोपयोगी योजना देने के लिए प्रधान मंत्रीजी के प्रति एकबार पुनः आभार एवम धन्यवाद !