पत्नी रह सकती है साथ, गर्लफ्रेंड की 'नो एंट्री'

रिपोर्ट: शंखनाद ब्यूरो

मुंबई। भारतीय क्रिकेटरों को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपनी पत्नी के साथ रहने की अनुमति मिल गई है, लेकिन गर्लफ्रेंड को साथ ठहरने की हरी झंडी नहीं मिल सकी है। सूत्रों के मुताबिक तो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम के खिलाड़ियों को अनुमति मिल गई है कि वे पत्नियों के साथ रह सकते हैं। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया जा सके। फिलहाल भारतीय टीम चार मैचों की सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट हारकर 0-2 से पीछे है। फिलहाल बोर्ड ने केवल पत्नियों को ही साथ रुकने की अनुमति दी है और खिलाड़ियों की प्रेमिकाओं को अभी इंतजार करना होगा। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के साथ लगभग सभी दौरों पर उनकी पत्नी साक्षी होती हैं। शिखर धवन, मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा, रविचंद्रन अश्विन और उमेश यादव भी विदेश दौरों पर अपनी पत्नियों को साथ ले जाते हैं। ये खिलाड़ी बोर्ड के फैसले से खुश होंगे। गौरतलब है कि इंग्लैंड दौरे पर भारतीय उपकप्तान विराट कोहली के साथ उनकी गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ रुकने पर काफी विवाद हुआ था। इसके बाद से बोर्ड ने गर्लफ्रेंड के अलावा पत्नियों को भी विदेशी दौरे पर साथ ले जाने पर पाबंदी लगा दी थी।

WhatsApp

Create Account



Log In Your Account