RK सिन्हा को राज्यसभा नहीं भेजे जाने से नाराज अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा

रिपोर्ट: सुशांत पाठक

पटना : अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने भाजपा को कायस्थ विरोधी बताया है| आरके सिन्हा का राज्यसभा से टिकट काटे जाने को महासभा ने कायस्थ समाज की अस्मिता पर हमला बताया है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविनंदन सहाय ने संवाददाता सम्मेलन कर भाजपा पर निशाना साधा| उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” का नारा देनेवाली मोदी सरकार अपने ही पार्टी के समर्पित नेता आरके सिन्हा की उपेक्षा कर अपनी नीति पर सवालिया निशान लगा दिया है। दरअसल, बिहार से राज्यसभा की एकमात्र सीट पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ0 सी0पी0 ठाकुर के पुत्र विवेक ठाकुर को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद कायस्थ समाज एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है|

रविनंदन सहाय ने कहा कि समर्पित भाव से आरके सिन्हा समाज कल्याण के साथ-साथ भाजपा को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयत्नशील रहें। लेकिन कायस्थ समाज से आने के कारण आर0के0 सिन्हा के समर्पित भाव और जनसेवा की भावना की घोर उपेक्षा बीजेपी द्वारा की गयी है| कायस्थ समाज इसे बर्दाश्त नहीं करेगा| भाजपा का कायस्थ विरोधी चेहरा अब पूरी तरह से उजागर हो गया है जिसका खामियाजा बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी को भुगतना पड़ेगा|

रवि नंदन सहाय ने कहा कि महासभा जल्द ही एक महासंसद बुलाएगी। जिसमें राजनीति में कायस्थ समाज की हो रही उपेक्षा  पर चिंतन करते हुए तय किया जाएगा कि अगले विधानसभा चुनाव में क्या रणनीति बनायी जाए ताकि कायस्थ वरोधी नीति की वास्तविकता का पर्दाफाश किया जा सके। गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में आर0 के0 सिन्हा अपने बेटे ऋतुराज सिन्हा को भाजपा की तरफ से पटना साहिब के लिए लोकसभा चुनाव का टिकट मिलने की उम्मीद लगाये बैठे थें, लेकिन तब भी उन्हें निराशा हाथ लगी| पटना साहिब से बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को अपना उम्मीदवार घोषित किया था जिससे नाराज आर के सिन्हा के समर्थकों ने रविशंकर प्रसाद का खुलकर विरोध भी किया था| अब एक बार फिर उम्मीद के अनुरूप निर्णय नहीं होने पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा से जुड़े लोगों ने भाजपा के खिलाफ गोलबंद होकर अपनी आवाज बुलंद करना शुरू कर दिया है|

इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महसभा के डॉ निर्मल कुमार श्रीवास्तव, महासचिव सुजीत कुमार वर्मा, कुमार अनुपम, सुदामा सिन्हा, शालिनी सिन्हा, अमिताभ, मनोज कुमार मनोज समेत अखिल भारतीय कायस्थ महसभा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। 


Create Account



Log In Your Account