सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर रोक के बाद रॉकी यादव ने कोर्ट में किया सरेंडर

रिपोर्ट: ramesh pandey

बिहार के बहुचर्चित गया रोडरेज मामले में आरोपी रॉकी यादव ने शनिवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा तत्काल गिरफ्तार करने के आदेश दिए जाने के बाद से ही रॉकी अपने घर से फरार हो गया था। गया पुलिस की ओर से उसकी गिरफ्तारी को लेकर घर पर दबिश दी गयी, लेकिन वह घर से गायब मिला, लेकिन शनिवार सुबह रॉकी ने कोर्ट जाकर सरेंडर कर दिया। राकेश रंजन उर्फ रॉकी की जमानत को सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को रद्द कर दिया था। रॉकी जदयू की निष्कासित एमएलसी मनोरमा देवी का पुत्र है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा उसकी जमानत रद्द करने के बाद भी उसने सरेंडर नहीं किया था। बता दें कि पटना हाईकोर्ट से इस मामले में उसे जमानत मिल गई थी। जमानत के खिलाफ बिहार सरकार सुप्रीम कोर्ट गयी थी। इस पर शुक्रवार को सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द कर दी। रॉकी उर्फ राकेश रंजन यादव पर बिहार के गया में आदित्य नाम के छात्र की हत्या का आरोप है। रॉकी निशानेबाजी का शौकीन रहा है। रॉकी की शुरुआती पढ़ाई रांची के बिशप कॉन्वेट स्कूल से हुई है। दिल्ली के एयरफोर्स से स्कूल से बारहवीं की पढ़ाई के बाद दिल्ली में जेएनयू से ग्रेजुएशन किया। फिलहाल जेएनयू से ही एमए के फाइनल ईयर की पढ़ाई करने के साथ सिविल सर्विसेज की भी तैयारी कर रहा है। वहीं रॉकी की मां मनोरमा देवी जेडीयू से विधान परिषद सदस्य हैं। रॉकी के पिता बिंदी यादव इलाके के बाहुबली हैं और बिंदी पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। बिंदी यादव नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने के मामले में जेल भी जा चुके हैं। पिछले मई महीने में ओवरटेक करने को लेकर लैंडरोवर में सवार रॉकी यादव ने स्विफ्ट कार में सवार आदित्य सचदेवा को गोली मारी थी। इस मामले में पुलिस ने रॉकी यादव के पिता बिंदी यादव और उसके अंगरक्षक को भी गिरफ्तार किया था।


Create Account



Log In Your Account