प्रियंका गाँधी वाड्रा की राजनीति में हुई एंट्री, कांग्रेस ने बनाया महासचिव, मिला पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान |

रिपोर्ट: सभार

प्रियंका गाँधी ने आखिरकार राजनीति में आने का फैसला कर लिया है। उन्हें कांग्रेस का महासचिव बनाया गया है। खबरों के अनुसार प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान दी गई है। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री को कांग्रेस के ट्रंप कार्ड के रूप में देखा जा रहा है।

प्रियंका गांधी अब उत्तर प्रदेश की राजनीति को देखेंगी। प्रियंका के अलावा मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। केसी वेणुगोपाल को संगठन में कांग्रेस महासचिव बनाया गया है।

प्रियंका गांधी की नियुक्ति पर राहुल गांधी ने कहा कि प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया यूपी के युवाओं के सपनों को पूरा करेंगे। प्रियंका गांधी की एंट्री से कांग्रेस की विचारधारा उत्तर प्रदेश में आएगी। प्रियंका गांधी एक कर्मठ और काबिल नेतृत्व देने में सफल होंगी। मुझे ख़ुशी है कि वह अब मेरे साथ काम करेंगी। मुझे निजी रूप से इस बात की ख़ुशी है। वह यह भी बोले, मैं अखिलेश और मायावती का भी सम्मान करता हूँ। उनके लिए दरवाजे हमेशा खुले हैं।

प्रियंका गांधी फरवरी माह के पहले हफ्ते में अपना कार्यभार संभालेंगीं। कांग्रेस की तरफ से जारी प्रेस नोट में इस संबंध में जानकारी दी गई है। इसी प्रेस नोट में गुलाम नबी आजाद को तुरंत प्रभाव से हरियाणा की जिम्मेदारी दिए जाने के संबंध में भी लिखा गया है।

 


Create Account



Log In Your Account