भारत नेपाल बस सेवा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिखाई हरी झंडी

रिपोर्ट: Ramesh Pandey

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और परिवहन मंत्री संतोष निराला ने आज भारत नेपाल बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया| इसको लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक एवं सुविधायों से सुसज्जित बसों का निरीक्षण किया| बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ये बसें बोधगया से काठमांडू और पटना से जनकपुर आवागमन करेगी|

उल्लेखनीय है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा बंगलादेश, भूटान एवं नेपाल के साथ बस परिवहन सेवा बहाल करने के उदेश्य से थिम्पू (भूटान) में मंत्री स्तरीय एक शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया| इसी सम्मलेन में भारत सरकार द्वारा इन देशों के बीच विभिन्न मार्गों पर बस परिवहन सेवा बहाल करने हेतु दिनांक- 15.06.2015 को परिवहन समझौता किया गया| उक्त समझौते में भारत-नेपाल के 14 अंतर्राष्ट्रीय मार्गों को बस परिवहन सेवा प्रारम्भ करने हेतु चिन्हित किया गया, जिसमें बिहार-नेपाल के दो अंतर्राष्ट्रीय मार्गों यथा बोधगया-पटना-काठमांडू एवं पटना-जनकपुर पर तत्काल बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के माध्यम से बस सेवा प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया|

भारत-नेपाल के मध्य बस परिवहन सेवा प्रारंभ करने हेतु क्रॉस बॉर्डर ट्रांसपोर्ट फैसिलिटेशन जॉइंट वर्किंग ग्रुप की बैठक 16-17 जुलाई 2015 को नई दिल्ली में एवं 23 फरवरी 2018 को काठमांडू (नेपाल) में की गयी| परिवहन विभाग द्वारा बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के वाहन संख्या-BR-06PD-7251, BR-06PD-2851, BR-06PD-2751 एवं BR-06PD-5451 के पक्ष में बोधगया से काठमांडू अंतर्राष्ट्रीय मार्ग हेतु परमिट संख्या- 06/2017 निर्गत किया गया है, जिसपर नेपाल सरकार द्वारा प्रतिहस्ताक्षर करते हुए बस के परिचालन हेतु सहमति प्राप्त की गयी है| उक्त मार्ग पर वाहनों के परिचालन संबंधी समय-सारणी इस प्रकार से निर्धारित की गयी है| बोधगया से प्रस्थान समय-10:AM तथा काठमांडू पहुँच समय- 07:00 AM एवं काठमांडू से प्रस्थान समय- 08:00 PM तथा बोधगया पहुँच समय-04:50 PM है| इसी प्रकार पटना-जनकपुर अंतर्रराष्ट्रीय मार्ग पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पाँच वाहनों पर परमिट का निर्गमन किया गया है| तत्काल बिहार राज्य पथ परिवहन के तीन वाहनों का परिचालन नियत समय-सारणी अनुसार बांकीपुर बस स्टैंड, पटना से किया जाएगा| पटना से जनकपुर के लिए प्रस्थान समय 04:10 AM, 03:15 PM एवं 09:05 PM हैं वही जनकपुर पहुँच समय 12:35 PM, 11:00 PM एवं 05:30 AM निर्धारित किया गया है| जनकपुर से प्रस्थान समय 08:00 PM, 07:05 AM एवं 09:00 AM जबकि पटना पहुँच समय 02:25 AM, 02:15 PM एवं 04:25 PM निर्धारित है| नेपाल सरकार द्वारा भी बोधगया-पटना-काठमांडू मार्ग पर चार वाहनों एवं पटना-जनकपुर मार्ग पर चार वाहनों के परिचालन हेतु स्वयंभू मंजूश्री यातायात प्रा0लि0 के पक्ष में परमिट निर्गत किया गया है, जिसपर परिवहन विभाग, बिहार सरकार द्वारा प्रतिहस्ताक्षर करते हुए बस सेवा प्रारंभ करने की अनुमति प्रदान की गयी है|

इस अवसर पर मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, परिवहन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल, मंत्रिमंडल सचिवालय के विशेष सचिव अनुपम कुमार, पटना जिलाधिकारी कुमार रवि, बोधगया से आये बौद्ध भिक्षुगण, नेपाली प्रतिनिधिमंडल एवं परिवहन विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थें|

 


Create Account



Log In Your Account