बिहार में नई तकनीक के जरिये सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुँच रहा है: मुख्यमंत्री

रिपोर्ट: Ramesh Pandey

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं केन्द्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन में एसटीपीआई (सॉफ्टवेर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ़ इण्डिया) पटना में इन्क्युबेशन केंद्र के विस्तारीकरण का रिमोट के द्वारा शिलान्यास किया| मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क, सहज तकनीक योजना एवं पंचायत स्तर पर सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) को भारत नेट के साथ सम्बद्ध कर डिजिटल सेवायें उपलब्ध कराए जाने का भी रिमोट के द्वारा लोकार्पण किया| दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत की|

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे पहले मैं केन्द्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद को एसटीपीआई पटना इन्क्युबेशन केंद्र के विस्तारीकरण के शिलान्यास एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को बिहार स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क, सहज तकनीक योजना एवं पंचायत स्तर पर सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) को भारत नेट के साथ सम्बद्ध कर डिजिटल सेवायें उपलब्ध कराए जाने के लिए बधाई देता हूँ| नयी तकनीक के आने से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से एवं पारदर्शी ढंग से मिलेगा| उन्होंने कहा कि आधार से लिंक कर लोगों को और पारदर्शी ढंग से लाभ दिया जा रहा है| कॉमन सर्विस सेंटर के द्वारा उन कामों को तेजी से किया जा रहा है| पंचायत सरकार भवन के निर्माण से लोगों को वही स्थापित केंद्र पर सभी प्रकार की सुविधाएं मिलेगी| मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2011 में लोक सेवाओं का अधिकार कानून लागू किया गया था| इससे जाति, आय, आवास प्रमाण-पत्र वगैरह बनाने में लोगों को काफी सुविधाएं होने लगी| इसके लिए ब्लॉक, सबडिविजन एवं जिला केन्द्रों पर सुविधाएं उपलब्ध हुई| इस कानून का लाभ लोगों तक पहुँचाने में शुरू में काफी परिश्रम करना पड़ा, लेकिन नयी तकनीक के आने के बाद इसमें काफी सहूलियत हुई| जिलाधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण कर इसे लोगों को लाभ दिलाने के लिए कई और कदम उठाये गये| अब कोई भी नयी तकनीक का उपयोग कर कही से भी आवेदन कर इस सुविधा का लाभ उठा सकता है| मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर पर लोक सेवा केंद्र खोलने का निर्णय किया गया है| स्थानीय स्तर पर लोगों को इसका लाभ मिलेगा| मुख्यमंत्री ने सीएससी के कामों की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर से जोड़कर आपकी सेवाओं का लाभ यहाँ के लोगों को मिलेगा इसके लिए पंचायती राज विभाग के स्तर पर शीघ्र ही कार्य योजना बनाकर इसे किया जाएगा|

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के सदुपयोग से पारदर्शिता एवं कार्य की डिलीवरी में गति आई है| लिखे गये शब्दों, अक्षरों की जांच ठीक से कर लेने की जरूरत है ताकि किसी सर्टिफिकेट वगैरह में असुविधा न हो| वर्ष 2017 में बाढ़ से प्रभावित 38 लाख परिवारों को 6 हजार रूपये की राशि डायरेक्ट ट्रांसफर कर लोगों को उपलब्ध कराई गयी| आपदा के कार्यों में त्वरित लाभ से लोगों को राहत मिलती है और सरकार इस काम को तेजी से कर रही है| मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर पर सीएससी को भारत नेट के साथ सम्बद्ध कर जो डिजिटल सेवायें उपलब्ध होंगी उसका बहुत फायदा होगा| नई तकनीक से राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार के द्वारा चलाई जा रही कई योजनाओं की जानकारी एवं उसका लाभ लोगों को मिलेगा| इससे गड़बड़ी की गुंजाइश भी नहीं रहेगी| आसानी से एवं सहजता से लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा|

आसानी से एवं सहजता से लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है| मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्क्यूबेशन केंद्र तक यातायात सुगम बनाया गया है| राज्य सरकार हर तरह से सहयोग करेगी| आज शिक्षित लोगों को भी कम्प्यूटर की जानकारी रखनी चाहिए ताकि तकनीकी तौर पर वे मजबूत रहें| बिहार में 12 करोड़ की आबादी में साढ़े आठ करोड़ मोबाइल धारक हैं, यहाँ के लोग भी अब स्मार्ट फोन के माध्यम से कई चीजों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं और उसका उपयोग कर रहे हैं|

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में लोक शिकायत निवारण कानून लागू किया गया| नयी तकनीक का प्रयोग कर अब लोग कही से भी आवेदन कर सकते हैं जिस विभाग के दायरे में शिकायत होगी उसके पदाधिकारी एवं शिकायतकर्ता को निवारण हेतु केंद्र पर बुलाया जाएगा| बिहार में एक हजार ब्लॉक में कुशल युवा कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं| इसमें 240 घंटे के कोर्स के दौरान संवाद कौशल, व्यवहार कौशल एवं कम्प्यूटर ज्ञान की जानकारी दी जाती है| अभी तक साढ़े चार लाख युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं और सवा लाख युवा ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं| सात निश्चय योजना अंतर्गत विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों में मुफ्त वाई-फाई की सुविधा सरकार उपलब्ध करा रही है| करीब 300 शैक्षणिक संस्थानों में इसका लाभ छात्र उठा रहे हैं| मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के विकास से लोगों को बेसिक जानकारी में भी वृद्धि हो रही है और इसके प्रति लोग प्रेरित भी हो रहे हैं| मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएससी के माध्यम से बढ़िया काम किया जा रहा है और लोगों को इसका लाभ भी मिल रहा है| पंचायत स्तर पर सीएससी से सहयोग लिया जाएगा जिससे सीएससी के लोगों की भी आमदनी बढ़ेगी और यहाँ के लोगों को उनके अनुभवों का लाभ मिलेगा| इसके लिए विभागीय स्तर पर मीटिंग कर इसे कार्यरूप दिया जाएगा| मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में हमारी सरकार द्वारा चलाई जानेवाली योजनायें यूनिवर्सल होती है| यहाँ जो भी योजनायें बनाई जाती है उसके लिए पैसे का प्रावधान तुरंत किया जाता है लेकिन लोगों को उतना लाभ तत्काल नहीं मिल पाता है| आईटी की बहुत उपयोगिता है| इसके जरिये योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचेगा| बिहार एक गरीब राज्य है, यहाँ के लोगों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से ससमय मिलता रहे तो इससे उन्हें काफी फायदा होगा| हम सबको मिल जुलकर समाज में पारदर्शिता लानी होगी| मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री श्री रविशंकर प्रसाद से निवेदन किया कि यहाँ सॉफ्टवेयर के लिए तो बेहतर काम आपके द्वारा बिहार के लिए किया जा रहा हैं लेकिन हार्डवेयर के निवेशको को भी बिहार में आने के लिए प्रोत्साहित कीजिये| यहाँ उत्पादन होगा और लोगों को रोजगार भी मिलेगा|

मुख्यमंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया गया| कार्यकर्म के दौरान एसटीपीआई पर आधारित एक लघु वृत्तचित्र भी दिखाया गया| सहज तकनीक योजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी|

कार्यक्रम को केन्द्रीय सूचना, प्रौद्योगिकी सह विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री सह सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री सुशील कुमार मोदी, एसटीपीआई के महानिदेशक ओंकार राय, बिहार सरकार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव राहुल सिंह ने भी संबोधित किया|

इस अवसर पर बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक नितिन नवीन, विधायक रणविजय सिंह, विकास आयुक्त सुभाष शर्मा, पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव अमृतलाल मीणा, एसटीपीआई के वरीय निदेशक दिवेश त्यागी, एसटीपीआई के निदेशक मानस पांडा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित भारत सरकार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अन्य अधिकारीगण, बिहार सरकार के अन्य पदाधिकारीगण, सीएससी के कर्मीगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थें|

 


Create Account



Log In Your Account