दुष्कर्म और हत्या के आरोपी BJP विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को मिले फांसी की सजा : ललन यादव

रिपोर्ट: इन्द्रमोहन पाण्डेय

पटना : असली देशी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन यादव ने उत्तर प्रदेश के उन्‍नाव में हुए दुष्‍कर्म एवं पीड़िता के परिजनों की हत्‍या के आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को फांसी की सजा देने की मांग की है| उन्होंने कहा कि भाजपा शासित प्रदेशों में बढ़ी दुष्कर्म की घटनाएं मोदी सरकार के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के नारे को मुंह चिढ़ा रहा है| राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार बेटियों की सुरक्षा के मामले में पूरी तरह संवेदनहीन और उदासीन हो चुकी है| ऐसे संवेदनशील मामलों में भी केंद्र सरकार की उदासीनता के कारण अब शीर्ष अदालत को स्वतः संज्ञान लेना पड़ रहा है| यह काफी शर्मनाक है| ललन यादव ने कहा कि सड़क हादसे के जरिये बलात्कार पीड़िता की हत्या के प्रयास से देशभर की महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है| इस घटना ने दोहरे चरित्रवाली भाजपा को बेनकाब कर दिया है|

बीजेपी पर निशाना साधते हुए श्री यादव ने कहा कि एक तरफ सत्ता के मद में चूर भाजपा नेताओं का दुष्कर्म की घटनाओं में संलिप्तता लगातार बढ़ती जा रही है| वही दूसरी और 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का नारा देकर मोदी सरकार देश की जनता को गुमराह करने में जुटी है| यह बेहद आश्चर्यजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है| सत्ता और सरकारी संरक्षण की आड़ में दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने से आमजनों में रोष व्याप्त है| उन्होंने कहा कि वाकई अगर बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर मोदी सरकार संवेदनशील और गंभीर है तो बलात्‍कार जैसे मामलों में स्‍पेशल कोर्ट बना कर अविलंब दुष्कर्मियों को सख्त से सख्त सजा दिलाये| चेतावनी भरे लहजे में ललन यादव ने कहा है कि अगर कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की दिशा में सरकार कदम नहीं उठाती है तो असली देशी पार्टी इस मामले को लेकर जन-आन्दोलन और विरोध प्रदर्शन करेगी|



 


Create Account



Log In Your Account