दिल्ली की तर्ज पर देश के शहीदों के आश्रित को 1 करोड़ की सम्मान राशि दी जाए  : सुशील सिंह 

रिपोर्ट: सुशांत पाठक

पटना : आम आदमी पार्टी बिहार ने आज चीन द्वारा भारतीय सैनिकों पर किये गए हमले के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में बिहार के हर ज़िला मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं ने  बैनर तले आक्रोश प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुशील सिंह ने कहा कि भारत की जनता भारत और चीन सीमा पर शहीद हुए भारतीय सैनिकों की शहादत का बदला चाहती है। हमारे जवानों की शहादत बेकार नहीं जानी चाहिए। हमारे जवानों की शहादत का भारत की सरकार चीन से बदला ले। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी चीन को मुंहतोड़ जवाब दें। प्रदेश अध्यक्ष सुशील सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मसले पर पूरी तरह से केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ खड़ी है।

सुशील सिंह ने कहा -  कल भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर देश के प्रधानमंत्री जी ने एक सर्वदलीय बैठक किया ,परंतु अभी भी कुछ सवाल हैं, जिनका देश जवाब चाहता है। पहले केंद्र सरकार ने कहा कि हमारे 3 जवान शहीद हुए हैं, फिर बताया गया कि हमारे 20 जवान शहीद हुए हैं। केंद्र सरकार ने यह झूठ भी बोला कि हमारा कोई भी सैनिक चीन के कब्जे में नहीं है, परंतु परसों मीडिया के माध्यम से यह खबरें आई कि चीन ने 10 भारतीय सैनिकों को रिहा किया। अब प्रधानमंत्री जी कह रहे हैं कि चीन हमारे सीमा के अंदर घुसा ही नहीं, चीन ने हमारी कोई जमीन नहीं हड़पी, तो आखिर चीन से इतने दिनों में तनाव कम करने के लिए क्या वार्ता की जा रही थी, हमारे 20 जवान शहीद हुए, 76 घायल हुए और 10 बंदी बनाये गए थे आखिर किस लिए ।

जहानाबाद ज़िला अध्यक्ष नीरज कुमार ने  कहा कि जवानों की शहादत की सही जानकारी न देना, आंकड़े छिपाना, देश को गुमराह करना, सीमा विवाद जैसे मसले पर सही जानकारी देश की जनता को न देना, यह देश की जनता के साथ एक बहुत बड़ा विश्वासघात है। देश की जनता केंद्र में बैठी भाजपा सरकार से सच जानना चाहती है?

मधुबनी ज़िला अध्यक्ष विरेंद्र कुमार ने दिल्ली में हुई ऑल पार्टी मीटिंग में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को न्यौता न दिए जाने के मुद्दे पर अपना मत रखते हुए कहा कि दिल्ली की जनता द्वारा तीन बार चुने गए मुख्यमंत्री को दिल्ली में ही होने वाली ऑल पार्टी मीटिंग में न बुलाना केंद्र में बैठी भाजपा सरकार की क्षीण मानसिकता को दर्शाता है और पूरा देश उनकी इस घृणित मानसिकता का विरोध करता है ।

प्रदर्शन में पटना जिला अध्यक्ष ब्रह्मप्रकाश ने कहा कि जैसे दिल्ली की सरकार हर शहीद के परिवार को 1 करोड़ की सम्मान राशि देती है, उसी प्रकार पूरे देश में सैनिकों की शहादत पर हर शहीद परिवार को 1 करोड़ की सम्मान राशि दी जाए ।


Create Account



Log In Your Account