पूर्व CM जगन्नाथ मिश्र की लंबी बीमारी के बाद निधन, नेताओं ने जताया दुःख

रिपोर्ट: इन्द्रमोहन पाण्डेय

पटना : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया| कैंसर रोग से पीड़ित जगन्नाथ मिश्र  ने 82 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली| केन्द्रीय मंत्री के अलावा वे तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री थे| डॉ. जगन्नाथ मिश्र 1975 में पहली बार 1980 में दूसरी बार और 1989 में तीसरी बार बिहार के मुख्यमंत्री बने जो वर्ष 1990 तक रहे| एक प्राध्यापक के रूप में करियर शुरू करनेवाले जगन्नाथ मिश्र को 90 के दशक के दौरान केंद्रीय कैबिनेट में भी जगह मिली| बिहार विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर रहे जगन्नाथ मिश्र की राजनीति में काफी रूचि थी| उनके बड़े भाई ललित नारायण मिश्रा रेल मंत्री थे|

उल्लेखनीय है कि जनता के बीच काफी लोकप्रिय रहे जगन्नाथ मिश्र, प्रेस पाबंदी बिल और चारा घोटाले के कारण विवादों से भी घिरे रहे| मुख्यमंत्री रहते जगन्नाथ मिश्र ने 1982 में प्रेस पाबंदी बिल (बिहार प्रेस विधेयक) पेश किया था| इस बिल के बढ़ते विरोध को देखते हुए उन्होंने बिल वापस ले लिया| माना जाता है कि इंदिरा गांधी और मेनका गांधी के बीच उभरे मतभेदों की चर्चा को दबाने के लिए जगन्नाथ मिश्र ने प्रेस पाबंदी बिल लाया था ताकि इंदिरा गांधी खुश रहे|

बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने जगन्नाथ मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपने संदेश में कहा कि स्वर्गीय मिश्र एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता और अर्थशास्त्र के विद्वान प्राध्यापक थे| उन्होंने तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय मंत्री के रूप में इस प्रदेश एवं देश की सेवा की| उनके निधन से देश को, विशेषकर बिहार प्रान्त के राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है|

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक-संदेश में कहा है कि मिश्र एक प्रख्यात राजनेता एवं शिक्षाविद थे जिनका बिहार के साथ-साथ देश की राजनीति में भी अमूल्य योगदान रहा है. उनके निधन से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के राजनीतिक, सामाजिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है. उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी जगन्नाथ मिश्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है| बिहार सरकार ने जगन्नाथ मिश्र के निधन पर राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक तथा उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ कराए जाने की घोषणा की है|

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र के निधन पर पर दुख जताते हुए को कहा कि मिश्र ने हमेशा कमजोर तबकों की आवाज उठाई और लंबे समय तक उन्हें याद किया जाएगा| अनेक पदों पर रहते हुए जगन्नाथ मिश्र कई मौकों पर समाज के वंचित और हाशिये पर मौजूद वर्गों के लिए खड़े हुए| वह लंबे समय तक याद किए जाएंगे|'

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र के निधन पर दुख जताते हुए स्वर्गीय मिश्र के परिवार और उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना जतायी है|

असली देशी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट की है|  स्वर्गीय मिश्र के निधन पर दुःख प्रकट करते हुए ललन यादव ने  कहा कि तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री के पद पर रहते हुए सभी धर्म-सम्प्रदाय एवं गरीब-गुरबों के लिए उन्होंने जो काम किया है| इसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा| देश की राजनीति और खासकर बिहार के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है| ईश्वर, स्वर्गीय मिश्र के दिवंगत आत्मा को शांति एवं उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करे|

राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सहनी ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के निधन पर शोक प्रकट करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि समर्पित की है| श्री सहनी ने कहा कि अनेक पदों पर रहते हुए जगन्नाथ मिश्र ने विकास की जो लकीर खीची है, वह लम्बे समय तक लोगों के मन-मस्तिष्क में विद्यमान रहेगा|

 


Create Account



Log In Your Account