NDA PC : हम मिलकर काम कर रहे हैं, मिलकर काम करेंगे, कोई गलतफहमी न पाले : नीतीश कुमार

रिपोर्ट: इन्द्रमोहन पाण्डेय

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के मद्देनजर एनडीए नेताओं ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर सीट शेयरिंग की घोषणा सार्वजनिक कर दी| पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीटों के बंटवारे की घोषणा की। 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में जेडीयू को 122 सीटें मिली है, इसमें से जेडीयू अपने कोटे से जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा को 7 सीटें देंगी, इस तरह से जेडीयू 115 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भारतीय जनता पार्टी को 121 सीटें मिली है। भाजपा अपने कोटे से मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी को सीटें देंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना का जो प्रकोप दुनिया में हुआ है। हम लोगों ने बिहार में इसके लिए बहुत काम किया है। 10 लाख की आबादी पर जितनी जांच है बिहार में, देश के एवरेज से 3 हजार ज्यादा है। जिनकी मृत्यु होती है, वो दर भी कम है। ठीक होने वालों की संख्या 93 फीसदी से ज्यादा है। नीतीश ने कहा कि मैं प्रवासी शब्द का पक्षधर नहीं हूं। कोई कहीं जाता है तो उसे प्रवासी कहना ठीक नहीं है। बिहार में क्या दूसरे राज्यों के लोग नहीं हैं। केरल के लोग या महाराष्ट्र के लोग बिहार में नहीं हैं क्या? बिहार के लोग जो बाहर गए थे, हमने एक-एक से संपर्क किया। 21 लाख लोगों को एक-एक हजार रु की सहायता दी।

नीतीश कुमार ने कहा कि हम मिलकर काम कर रहे हैं, मिलकर काम करेंगे। और, किसी भी तरह की कोई गलतफहमी नहीं है। किसी को अगर कुछ कहने से आनंद आता है, तो बोलता रहे। इस बार परिस्थितियां रही हैं, उस दौरान थोड़ा देरी हुई है। अब हर चीज के बारे में फैसला हो चुका है। कैंडिडेट के बारे में भी फैसला हो गया है। इसका ऐलान किया जाएगा।

नीतीश कुमार ने कहा कि बगैर जदयू और भाजपा की मदद के रामविलास थोड़े राज्यसभा में गए। हमलोगों ने ही तो उन्‍हें राज्‍यसभा भेजा। मगर आज लोग ना जाने क्‍या कह रहे हैं। वे जल्‍द स्‍वस्‍थ हो जाएं यही कामना है। चिराग क्या बोल रहे हैं इस पर मेरा कोई लेना देना नहीं है| पत्रकारों के एक सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा कि रामविलास पासवान जी से हमारे पुराने संबंध हैं। पता नहीं किसी के मन में क्‍या है। कोई कुछ भी बोलता रहता है। मुझे इससे कोई मतलब नहीं है। जदयू और भाजपा मिलकर चुनाव लड़ेंगे और मिलकर सरकार बनाएंगे।

सुशील मोदी ने कहा एनडीए ने बिहार में नीतीश कुमार को ही अपना नेता स्वीकार किया है और उन्हीं के निर्देश पर चुनाव लड़ेंगे कोई कंफ्यूजन मत रखो। रामविलास पासवान अगर स्वस्थ होते तो ऐसी स्थिति नहीं होती। चुनाव आयोग को हम लिख कर देंगे कि केवल वहीं पार्टी जो मिलकर  चुनाव लड़ रही है। वे ही चुनाव में  प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि फिर दोहराता हूं नीतीश कुमार ही हमारे सीएम कैंडिडेट होंगे। हम फिर नीतीश कुमार के नेतृत्‍व में सरकार बनाएंगे।

बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव, भाजपा के चुनाव प्रभारी  व महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने संयुक्त रूप से टिकट बंटवारे की घोषणा की। जदयू की ओर से राष्ट्रीय संगठन महासचिव आरसीपी सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और ललन सिंह एवं उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी मंच पर उपस्थित रहे।

 

 


Create Account



Log In Your Account