जन समस्याओं को बुलंदी से उठाते हुए गरीब-गुरबों की आवाज बनेगी असली देशी पार्टी : ललन यादव

रिपोर्ट: Ramesh Pandey

पटना : वैकल्पिक राजनैतिक पार्टी के तौर पर खुद को स्थापित करने के लिए असली देशी पार्टी ने इस बार बिहार में करीब 25 से 30 सीटों पर लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपने प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारने का ऐलान किया है| पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन यादव ने आज (29 मार्च) संवाददाता सम्मेलन कर 15 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है|

गौरतलब है कि पूरे भारत में बने चुनावी माहौल में आमजन से लेकर सियासी गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म है| देश के अंदर आम जनता के बीच मोदी सरकार द्वारा किये गये दावों, वायदों से लेकर विपक्षी नेताओं की नीति व नीयत को लेकर बहस छिड़ी हुई है|  वही एक-एक कर तमाम प्रत्याशियों का नाम धीरे-धीरे सामने आने के बाद बिहार का चुनावी तापमान भी चरम पर है| दरअसल देश में 17वीं लोक सभा के लिए इस बार सात चरण में चुनाव हो रहे हैं| बिहार में सभी चरणों में मतदान कराए जाएंगे और 23 मई को मतों की गिनती होगी। 

असली देशी पार्टी प्रत्याशियों की प्रथम सूची निम्न है|

मधुबनी – दिनेश टाइगर, मधेपुरा – सुरेश यादव, पटना साहिब - अखिलेश यादव, पाटलिपुत्र – मंटू यादव उर्फ़ भगत जी, उजियारपुर – अविनाश चन्द्र कुशवाहा, झंझारपुर – अनिल यादव, बक्सर – रौशन सिंह, सुपौल – अविनाश यादव, खगड़िया – सहदेव कुशवाहा, मुंगेर – देवव्रत देव, नालंदा – लाल बाबू, जहानाबाद – ई० श्यामनारायण कुशवाहा,

छपरा – अभिषेक यादव, हाजीपुर – शिवनंदन पासवान, काराकाट – अरविन्द कुशवाहा (अधिवक्ता)

प्रत्याशियों की घोषणा करने के बाद पत्रकारों से मुखातिब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन यादव ने एनडीए के साथ ही महागठबंधन में शामिल नेताओं पर जमकर प्रहार किया| उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव के लिए ही जाना जायेगा| लेकिन नोटबंदी-जीएसटी और 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने वाली मोदी सरकार के वादों का क्या हुआ? अभी तक लोगों के दिमाग में यह बात स्पष्ट नहीं हो सका है| सवालिया लहजे में श्री यादव ने कहा कि पीएम मोदी के इतने सारे धुआंधार किये गये विदेश दौरों से भारतीय अर्थव्यवस्था को या फिर भारत के आमजन को क्या फायदा मिला, लोग यह जानना चाहते हैं| तकरीबन 80 फीसदी आम भारतीयों के लिए रोज़-ब-रोज़ का भ्रष्टाचार, कुप्रशासन और दैनिक सुविधाओं का अभाव सबसे बड़ी समस्या है|

अदेपा (असली देशी पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन यादव ने कहा कि चुनावी मौसम में सियासी साजिश के तहत एनडीए और महागठबंधन के नेता जनता को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाने को लेकर एड़ी-चोटी एक किये हैं| उन्होंने कहा कि स्वार्थहित और खानदान की राजनीति करनेवाले नेता लुभावने वादे कर जनता को गुमराह करने का पुनः प्रयत्न कर रहे हैं जिन्हें कामयाबी हासिल नही होगी| क्योकि देश की जनता अब जग चुकी है| ऐसे नेताओं की नीति-नीयत के साथ ही उनके चाल, चरित्र और चेहरे को हर देशवासी भलीभांति पहचान चुका है| श्री यादव ने कहा कि राष्ट्रवाद, राम मंदिर, पाक, किसान, राफेल, चौकीदार, और जवान सियासी मुद्दों के बीच जनता की समस्या और आमजन से जुड़े मुद्दें दफन करने की कोशिश में जुटे हैं| लेकिन असली देशी पार्टी देश के किसान, नौजवान, बेरोजगार और गरीब-गुरबों की आवाज को किसी भी सूरत में दबने नहीं देगी और हर हाल में उसे बुलंदी के साथ सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी| 


Create Account



Log In Your Account