रहने योग्य शहरों की सूची में मेलबर्न से आगे निकला वियना,140 शहरों में थी कड़ी टक्कर

रिपोर्ट: साभार

लंदन (एएफपी)। खुशहाल और रहने लायक शहरों की सूची में पिछले सात सालों से अव्वल रहे मेलबर्न को पछाड़ते हुए वियना ने शीर्ष पर अपनी जगह बना ली है। वहीं दमिश्क ने इस सूची में अंतिम पायदान पर रहा है। यह सर्वे 2004 में पहली बार किया गया जिसके बाद से यह हर साल जारी है।

मुकाबले में थे 140 शहर
इकॉनमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट रैंकिंग्स द्वारा 140 शहरों का सर्वे किया गया। इस सर्वे में मेलबर्न भले ही पिछड़ गया हो पर वियना को इसने कांटे की टक्कर दी। इसके अनुसार, वियना को 99.1 और मेलबर्न को 98.4 पॉइंट मिले थे।

अपराध में कमी ने वियना को रखा शीर्ष पर
दरअसल, अपराध दर में कमी के कारण वियना को यह स्थान मिला क्योंकि इस सर्वे में सबसे ज्यादा वेटेज अपराध के अंकों की होती है। वहीं, इन दोनों ही शहरों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, और इंफ्रास्ट्रक्चर में टॉप किया। दोनों की ही स्थिति पिछले साल के मुकाबले बेहतर हुई है, लेकिन वियना की स्थिति में अधिक सुधार है।

 

टॉप 5 में हैं ये शहर
वियना, मेलबर्न के अलावा टॉप 5 में जापान के शहर ओसाका, कनाडा के कैलगरी और ऑस्ट्रेलिया के सिडनी को जगह मिली है। लिस्ट में लंदन 48वें पायदान पर है। वियना की जनसंख्या 2.1 मिलियन के करीब है। हरियाली के साथ वहां कई शानदार झीलें और बीच हैं। वहां का सार्वजनिक यातायात भी काफी सस्ता है।

 

टॉप टेन में छाए ऑस्‍ट्रेलिया-कनाडा
टॉप टेन में ऑस्ट्रेलिया और कनाडा छाए हुए हैं। इनके तीन-तीन शहरों को सर्वश्रेष्ठ रैंक मिली है। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न, सिडनी (5वां) और एडिलेड (10वां) वहीं कनाडा के कैलगरी (चौथा) वैंकुवर (छठा) और टोरंटो (सातवें) स्‍थान पर है।

इस आधार पर हुआ मूल्यांकन
इकोनॉमिस्टइंटेलीजेंस यूनिट हर साल दुनिया के रहने योग्य शहरों की सूची जारी करती है। इसमें जीवन स्तर, अपराध, हिंसा, यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, संस्कृति, पर्यावरण और आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिरता जैसे आधार पर 100 स्कोर के साथ शहरों का मूल्यांकन किया जाता है।

शीर्ष सौ से बाहर भारतीय शहर
रहने योग्य इस वैश्विक सूची में भारतीय शहरों की स्थिति बहुत खराब है। 140 शहरों की इस सूची में देश की राजधानी को 112वां स्थान मिला है जबकि देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई 117वें स्थान पर है। वहीं पड़ोसी देश पाकिस्तान का कराची रहने के लिए सबसे खराब 10 शहरों में शुमार किया गया है।

 

वियना इसलिए बना सर्वश्रेष्ठ
अध्ययन के अनुसार ऑस्टि्रया की राजधानी वियना ने मूल्यांकन के सभी पैमानों पर ज्यादा अंक हासिल किए। लिहाजा न केवल रहने बल्कि काम करने लायक भी यह दुनिया का सर्वश्रेष्ठ शहर बना।

संपन्न शहर पिछड़े
आर्थिक संपन्नता और इस सूची की रैंकिंग में भी कोई मेल नहीं दिखता। फ्रांस की राजधानी पेरिस 19वें, यूके की राजधानी लंदन 48वें और अमेरिकी शहर न्यूयॉर्क 57वें स्थान पर हैं। ये शहर आर्थिक तौर पर सफल होने के बावजूद अधिक अपराध और बुनियादी जरूरतों के दोहन की वजह से पिछड़ गए।

 

शीर्ष 10
1. वियना (ऑस्टि्रया)
2. मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया)
3. ओसाका (जापान)
4. कैलगरी (कनाडा)
5. सिडनी (ऑस्ट्रेलिया)
6. वैंकुअर (कनाडा)
7. टोरंटो (कनाडा)
8. टोक्यो (जापान)
9. कोपेनहेगन (डेनमार्क)
10. एडिलेड (ऑस्ट्रेलिया)

बदतर 10
1. डकार (सेनेगल)
2. अल्जीयर्स (अल्जीरिया)
3. डुआला (कैमरून)
4. त्रिपोली (लीबिया)
5. हरारे (जिंबाब्वे)
6. पोर्ट मोरेज्बी (पापुआ न्यू गुनिया)
7. कराची (पाकिस्तान)
8. लागोस (नाइजीरिया)
9. ढाका (बांग्लादेश)
10. दमिश्क (सीरिया)


Create Account



Log In Your Account