एम करूणानिधि के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं ने शोक जताया

रिपोर्ट: Ramesh Pandey

पटना 7 अगस्त : डीएमके नेता व तमिलनाडु के 5 बार मुख्यमंत्री तथा 12 बार विधान सभा के सदस्य रह चुके एम करूणानिधि के निधन पर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री सहित अन्य नेताओं ने शोक प्रकट करते हुए उनके निधन को भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है|

मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने प्रख्यात राजनीतिज्ञ, डी0एम0के0 प्रमुख एवं तमिलनाडू के पूर्व मुख्यमंत्री एम0 करूणानिधि के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है| अपने शोक-संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश ने एक बड़ी राजनीतिक शख्सियत को खो दिया है, जिन्होंने देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को हमेशा सबसे ऊपर समझा। वे तमिलनाडू में सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के प्रणेता रहे। राष्ट्रीय स्तर पर विशेषकर तमिलनाडू में सामाजिक समरसता एवं वंचित तबकों के उत्थान के लिये उनके योगदान एवं उपलब्धियों को सदैव याद किया जाता रहेगा। मेरा उनसे सदैव आत्मीय संबंध रहा। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में भी अपूरणीय क्षति हुयी है। मुख्यमंत्री ने आज सुबह ही एम0 करूणानिधि की पुत्री कनीमोझी से दूरभाष पर वार्ता की थी| मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों, अनुयायियों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने एम करूणानिधि के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि 94 वर्षीय करूणानिधि डीएमके प्रमुख होने के साथ ही एक जनप्रिय राजनेता थे। उनके निधन से भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति हुई है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। श्री मोदी ने अपने शोक संदेश में दिवंगत आत्मा की चीर शांति की कामना करते हुए उनके परिजनों, शुभचिन्तकों व समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।  

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने डीएमके नेता व तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री 92 वर्षीय कलाइगनर करूणानिधि के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि दिवंगत नेता के निधन से तमिलनाडु ही नहीं बल्कि भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन से न सिर्फ प्रदेश बल्कि देश की राजनीति अधूरी रहेगी। उनकी रिक्ति भारतीय राजनीति में काफी खलेगी। अपने लंबे राजनीतिक करियर में उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे थे। 12 बार विधायक और पांच बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहे दिवंगत नेता की राष्ट्रीय राजनीति में भी अलग पहचान थी। दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए मंगल पाण्डेय ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भगवान शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करे।  


Create Account



Log In Your Account