द्रौपदी मुर्मू ने बिहार के लोगों को समर्थन देने के लिए जताया आभार : संजय जायसवाल

रिपोर्ट: शिलनिधि

पटना : बिहार में राष्ट्रपति चुनाव के दौरान एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग होने से भाजपा उत्साहित है. भाजपा का दावा है कि एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को विपक्षी दलों के कम से कम आठ विधायकों का भी समर्थन मिला है. 

भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल का दावा है कि क्रॉस वोटिंग करने वाले सभी विधायक लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल  के थे. द्रौपदी मुर्मू को बिहार में 133 वोट मिले. उन्होंने दिल्ली में द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की.

संजय जायसवाल ने कहा कि मुर्मू ने बिहार के लोगों को समर्थन देने के लिए आभार जताया है. उन्होंने कहा कि एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को 133 वोट मिले जबकि एनडीए की क्षमता कम थी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव परिणाम ने यह साबित कर दिया कि विपक्ष के कई विधायक भी विरोधी नेताओं से खुश नहीं हैं इस कारण उन्होंने एनडीए का समर्थन किया. राजद के आठ विधायकों ने अपने अंतर्रात्मा की आवाज सुनी और पार्टी लाइन से परे जाकर मुर्मू को वोट दिया. उन्होंने एनडीए का समर्थन देने वाले सभी सांसदों और विधायकों का आभार जताया.

इधर, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि किसने अंदर क्या किया, इसकी जानकारी तो प्राप्त हो ही जाएगी. लेकिन राजद का कोई भी विधायक ऐसा नहीं कर सकता.


Create Account



Log In Your Account