राफेल मसले पर भ्रम फैलाकर जनता की आँखों में धूल झोंक रहे हैं राहुल गाँधी: राजनाथ सिंह

रिपोर्ट: किरण पाण्डेय

पटना : केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीयत और ईमानदारी पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। उनके ऊपर कोई आरोप लगा ले, पर ये आरोप किसी सूरत में स्वीकार्य नहीं हो सकते। रफाल को लेकर विपक्ष सिर्फ झूठ बोलकर भ्रम फैला रहा है। अरे, नरेन्द्र मोदी किसके लिए पैसा लेंगे? बीबी-बच्चे के लिए लेंगे? रफाल को लेकर विपक्ष के तमाम आरोप बेबुनियाद हैं। पीएम पर भ्रष्टाचार का आरोप तकलीफ पहुंचाने वाली है। सिर्फ राजनीति करने के लिए कोई कुछ भी आरोप नहीं लगा सकता। मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बेदाग है।

 राजनाथ सिंह शनिवार को अधिवेशन भवन में आयोजित भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। वे विपक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि राजनीति झूठ बोलकर नहीं की जा सकती। जनता की आंखों में धूल झोंकर, उन्हें भ्रमित कर राजनीति नहीं हो सकती। 55 वर्षों तक कांग्रेस ने अखंड शासन किया, फिर भी भारत की गिनती गरीब देशों में होती रही। क्यों? भारत को गरीबों का देश कहा जाता था। देश इस कलंक को झेलने के लिए क्यों अभिशप्त रहा? आज धारणा बदल रही है। भारत दुनिया में बड़ी ताकत के रूप में जाना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी प्रतिष्ठा बढ़ी है। ऐसा पहले कभी इस स्तर पर नहीं हुआ। पूरी दुनिया भारत को गंभीरता से लेता है। चार साल पहले भारत दुनिया की नौंवी अर्थव्यवस्था था, आज पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। अगले दस वर्षों में भारत दुनिया के टॉप 3 देशों में शामिल होगा। यही नहीं, नरेन्द्र मोदी ने कई करिश्माई काम किये। आजादी के बाद आज 99.99 फीसदी लोगों के पास बैंक एकाउंट है। एक साल के अंदर कोई बगैर बैंक खाते के नहीं होगा। यूपीए के शासनकाल में महंगाई दर जीडीपी से दोगुनी थी। आज पहली बार ऐसी स्थिति है कि महंगाई दर जीडीपी से आधी पर पहुंच गयी है। कांग्रेस कभी ऐसी क्यों नहीं कर पायी? उसके शासनकाल में महंगाई हमेशा जीडीपी से ऊपर क्यों रहती है?

 


Create Account



Log In Your Account