नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार का हुआ चौतरफा विकास : मौलाना मुख़्तार अली

रिपोर्ट: सिद्धार्थ पाण्डेय

पटना : न्याय के साथ सम्पूर्ण बिहार का विकास और कानून का राज कायम करनेवाले विकास पुरुष हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार| भारतीय जनतांत्रिक जनता दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मौलाना मुख्तार अली ने  यह वक्तव्य देते हुए कहा है कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार का चौतरफा विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि गाँव हो या शहर हर घर तक बिजली, पेयजल, शौचालय, पक्की गली और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंची है| इसे कोई नकार नही सकता| आने वाले समय में भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के हर इलाके में विकास का कार्य जारी रहेगा। बिचौलियों, अपराधियों, भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसनेवाले नीतीश कुमार ने बिना किसी भेदभाव के हर धर्म/संप्रदाय के लोगों का विकास किया है| मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और निष्पक्ष कार्यशैली का ही परिणाम है कि डेढ़ दशक से बिहार की करोड़ों जनता उनके हर फैसले के साथ सदैव खड़ी है| उनका साथ दे रही है।

मुख्तार अली ने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता में आने के पहले न्याय के साथ विकास का वादा किया था और उसे पूरी तरह निभाया। उन्होंने अपने कार्यकाल में सामाजिक सद्भावना के साथ दलितों, पिछड़ों, वंचितों, शोषितों, अल्पसंख्यकों एवं महिलाओं के उत्थान की अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक धरातल पर लागू कीं। जनहित में लिए गए निर्णयों एवं जन-योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंच रहा है| वर्ष 2005 के पहले देश के विभिन्न हिस्सों में बिहार के लोगों को अपमानित होना पड़ता है| लेकिन आज हर जगह बिहार के लोग बड़े शान के साथ रहते हैं। हर बिहारी को नीतीश कुमार पर गर्व है क्योकि मुख्यमंत्री बिहार में रह रहे लोगों के साथ-साथ बाहर रहने वालों के लिए भी उतनी ही ईमानदारी से काम करते हैं। मौलाना मुख़्तार अली ने कहा कि सपने में भी किसी ने कल्पना नहीं की थी कि 15 सालों में बिहार इतना बदल जाएगा। इतना अधिक काम हो जाएगा। उन्होंने बिहार के विकास की एक बड़ी लकीर खींच दी है|

मौलाना मुख़्तार अली ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई ऐतिहासिक सफल प्रयास किए| स्कूली बालिकाओं के लिए साईकिल, पोशाक, छात्रवृत्ति जैसी लाभकारी योजनाओं की शुरुआत की| बिहार की लड़कियाँ आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है| उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण के बाद पुलिस बहाली एवं सभी सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 35 प्रतिशत का आरक्षण देकर विकास कार्यों में महिलाओं की भूमिका और भागीदारी बढ़ाई। मुख़्तार अली ने कहा कि आज बिहार पुलिस में जितनी महिलाएं हैं, देश के किसी भी राज्य में इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं पुलिस बल में नहीं हैं। अभी कुछ ही दिन पहले बिहार के सभी थानों में बड़े पैमाने पर महिला सब इंस्पेक्टरों की तैनाती की गयी है| महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह मील का पत्थर साबित होगा।


Create Account



Log In Your Account