बिहार में अब तक 1,39,458 लोग कोविड-19 संक्रमण से हुए स्वस्थ, रिकवरी रेट 89.72%

रिपोर्ट: रमेश पाण्डेय

पटना : वीडियो कॉंन्फ्रेसिंग के माध्यम से सचिव सूचना एवं जन-सम्पर्क अनुपम कुमार, सचिव स्वास्थ्य लोकेश कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय जितेंद्र कुमार, अपर सचिव आपदा प्रबंधन रामचंद्र डू एवं जल संसाधन विभाग के प्रभारी पदाधिकारी, बाढ़ अनुश्रवण सेल ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं विभिन्न नदियों के जलस्तर को लेकर सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों के संबंध में अद्यतन जानकारी दी।

सचिव, सूचना एवं जन-सम्पर्क अनुपम कुमार ने बताया कि कोविड-19 की वर्तमान स्थिति को लेकर सरकार द्वारा लगातार सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है| क्वारंटाइन इम्प्रूवमेंट के लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं| अब स्थिति में काफी सुधार हुआ है| बाढ़ की स्थिति अब लगभग सामान्य हो गयी है| उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन पर सरकार का विशेष ध्यान है और लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक 05 लाख 60 हजार 490 योजनाओं के अंतर्गत 15 करोड़ 05 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है।

सचिव स्वास्थ्य लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 2,187 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक 1,39,458 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। बिहार का रिकवरी रेट 89.72 प्रतिशत है। विगत 24 घंटे में कोविड-19 के 1,710 नये मामले सामने आये हैं। वर्तमान में बिहार में कोविड-19 के 15,189 एक्टिव मरीज हैं। उन्होंने बताया कि 10. 09. 2020 को 1,05,074 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक की गयी कुल जांच की संख्या 46,67,987 है।

उन्होंने बताया कि कल की गयी 1,05,074 सैंपल्स की  जांच में 11,400 आर0टी0पी0सी0आर0 जांच, 3,803 ट्रूनेट और 89,871 एंटीजन टेस्ट शामिल है| सभी जिलों को टेस्टिंग बढ़ाने के साथ-साथ कन्टेनमेंट जोन में इफेक्टिव पेरीमीटर कंट्रोल हो और गहन अभियान चलाकर मास्क के लिए लोगों को प्रेरित करने का निर्देश दिया गया है| इसके अलावा लोगों को जागरूक करने एवं कन्टेनमेंट जोन की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया गया है| अभी बिहार में एक्टिव कन्टेनमेंट जोन 2,712 हैं जिनमें लगभग 09 लाख 73 हजार घर हैं| एक्टिव कन्टेनमेंट जोन में से 2,041 कन्टेनमेंट जोन ग्रामीण क्षेत्रों में है और 671 कन्टेनमेंट जोन शहरी क्षेत्रों में है| एक्टिव कन्टेनमेंट जोन के अंदर ग्रामीण क्षेत्रों में 5 लाख 94 हजार घर हैं और 3 लाख 78 हजार घर शहरी क्षेत्रों में हैं|

अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय जितेन्द्र कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा 01 सितंबर से लागू अनलॉक-4 के तहत जारी गाइडलाइन्स का अनुपालन कराया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 475 वाहन जब्त किये गये हैं और 14 लाख 09 हजार 700 रूपये की राशि जुर्माने के रुप में वसूल की गई है। इस दौरान कोई कांड दर्ज नही किया गया है और किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी भी नही हुई है। इस प्रकार 1 सितंबर से अब तक 13 कांड दर्ज किये गए हैं और 56 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है। कुल 5,245 वाहन जब्त किए गए हैं और करीब 01 करोड़ 73 लाख 08 हजार 100 रुपए की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वाले लोगों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले 24 घंटे में मास्क नहीं पहनने वाले 5,078 व्यक्तियों से 02 लाख 53 हजार 900 रूपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। इस प्रकार 01 सितंबर से अब तक मास्क नहीं पहनने वाले 58,681 व्यक्तियों से 29 लाख 34 हजार 50 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गयी है। कोविड-19 से निपटने के लिये उठाये जा रहे कदमों और नए दिशा-निर्देशों का पालन करने में अवरोध पैदा करने वालों के खिलाफ सख्ती से कदम उठाये जा रहे हैं।

जल संसाधन विभाग के प्रभारी पदाधिकारी, बाढ़ अनुश्रवण सेल ने बताया कि कोशी नदी के वीरपुर बराज पर आज 02 बजे 1,49,395 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृति राइजिंग है| गंडक नदी में बाल्मीकिनगर बराज पर आज 1,09,000 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृत्ति घटने की है। सोन नदी में इन्द्रपुरी बराज पर आज 15,536 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृत्ति फॉलिंग है। बागमती नदी का जलस्तर ढेंग, सोनाखान, डूब्बाधार, हायाघाट और कंसार/चंदौली में राइजिंग है जबकि कटोंझा और बेनीबाद में घटने की प्रवृत्ति है है| बागमती नदी का जलस्तर ढेंग, सोनाखान, कटोंझा और बेनीबाद में क्रमशः 21 सेंटीमीटर, 17 सेंटीमीटर, 37 सेंटीमीटर और 27 सेंटीमीटर खतरे के निशान से उपर है| बूढी गंडक नदी के जलस्तर में सिकंदरपुर, समस्तीपुर रेलपुल और रोसरा रेलपुल पर बढ़ने की प्रवृत्ति है, लेकिन नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है| कमला बलान नदी के जलस्तर में झंझारपुर रेलपुल पर बढ़ने की प्रवृत्ति है और विगत 24 घंटे में 65 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हुई है| गंगा का जलस्तर फॉलिंग ट्रेंड में है और इलाहाबाद, वाराणसी, बक्सर, दीघा, गांधी घाट, हाथीदह, मुंगेर, भागलपुर एवं कहलगांव में खतरे के निशान से नीचे प्रवाहित हो रही है| महानंदा नदी का जलस्तर तैयबपुर में बढ़ने की प्रवृत्ति है और यह खतरे के निशान से नीचे बह रही है| वर्षापात के पूर्वानुमान के मुताबिक़ अगले 24 घंटे में नेपाल और बिहार के सभी नदियों के बेसिन में लाइट टू मोडरेट वर्षापात की संभावना व्यक्त की गयी है| गंडक नदी के बिहार और नेपाल जलग्रहण क्षेत्र में कुछ जगहों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है| बिहार राज्य में विभिन्न नदियों पर अवस्थित तटबंध सुरक्षित हैं| जल संसाधन विभाग द्वारा सतत् निगरानी एवं चौकसी बरती जा रही है।

अपर सचिव आपदा प्रबंधन रामचंद्र डू ने बताया कि बिहार की विभिन्न नदियों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह से सतर्क है। अब धीरे-धीरे बाढ़ की स्थिति सामान्य हो रही है| नदियों के बढ़े जलस्तर से बिहार के 16 जिलों के कुल 130 प्रखंडों की 1,333 पंचायतें प्रभावित हुई हैं| सभी बाढ़ प्रभावित जिलों में एन0डी0आर0एफ0 और एस0डी0आर0एफ0 की टीमें प्रतिनियुक्त हैं और अब तक प्रभावित इलाकों से एन0डी0आर0एफ0, एस0डी0आर0एफ0 और बोट्स के माध्यम से 5,50,792 लोगों को निष्क्रमित किया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक बाढ़ प्रभावित 17,25,201 परिवारों के बैंक खाते में प्रति परिवार 6,000 रुपये की दर से कुल 1,035.12 करोड़ रुपये जी0आर0 की राशि भेजी जा चुकी है। सभी लाभान्वित परिवारों को एस0एम0एस0 के माध्यम से सूचित भी किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग संपूर्ण स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।


Create Account



Log In Your Account