मोदी ने कहा- जनधन खातों से पैसा न निकालें, जिन बेइमानों ने इसमें बेहिसाब पैसा डाला है वो जेल जाएंगे, वह रुपया गरीब को मिलेगा

रिपोर्ट: ramesh pandey

मुरादाबाद.नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यहां हुई रैली में संकेत दिए कि जनधन खातों में बड़ी रकम जमा कराने वालों को सरकार नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिमाग लगा रहा हूं। गरीब के खातों में जिन लोगों ने पैसा डाला है, वह जेल में जाएगा और वह रुपया गरीब के घर जाएगा। लेकिन जिसने भी आपके जनधन खाते में पैसा डाला है, वह उठाइए मत।’’ बता दें कि मोदी का यह बयान इसलिए मायने रखता है क्योंकि नोटबंदी के बाद 25 करोड़ जनधन खातों में 21 हजार करोड़ रुपए जमा हो गए हैं। जो मनी-मनी करते थे, आज मोदी-मोदी कर रहे हैं... - मोदी ने नोटबंदी के अपने फैसले पर कहा, \'\'भाइयों-बहनो! मैं हैरान हूं। आपने देखा होगा कि अच्छे-अच्छे लोगों के चेहरे से चमक चली गई। पूरा दिन मोदी-मोदी कर रहे हैं। पहले मनी-मनी करते थे।\'\' - \'\'आज कतार-कतार चिल्लाने वाले नेता ये भूल गए कि कभी चीनी के लिए, कभी मिट्टी के तेल के लिए कतारें लगानी पड़ती थी। इन कतारों काे खत्म करने के लिए मैंने आखिरी कतार लगाई है। - \'\'मैं दिमाग लगा रहा हूं अभी। दिमाग खपा रहा हूं। गरीब के खातों में जिन लोगों ने पैसा डाला है, वह जेल में जाएगा और वह रुपया गरीब के घर जाएगा।\'\' अपने जनधन अकाउंट से पैसा मत निकालना - मोदी ने कहा, \'\'बैंक के बाहर वो कतार लगाता है, जो ईमानदारी से पैसा कमाता है। गरीबों के घर बाहर कतार लगाने वालों की जनधन खातों पर नजर है। लेकिन जिसने भी आपको पैसा दिया है। वह उठाइए मत। एक रुपया मत उठाइए। देखिए, वो आपके घर रोज चक्कर काटेगा। आपके पैर पकड़ेगा।\'\' - \'\'आप उसे कुछ मत कहना। सिर्फ यही कहना कि दादागीरी मत करो, नहीं तो मोदी को चिट्ठी लिखता हूं। बेईमान लोग इसमें फंसे हैं। जिनके भी खाते में दूसरों ने पैसे डाल दिए हैं, वे उसे वैसे ही रहने दें। मैंने 50 दिन मांगे हैं। दिमाग लगा रहा हूं।\'\' क्या किसी अमीर को गरीब का पैर पकड़ते देखा था- मोदी - मोदी ने कहा, \" भ्रष्टाचारी लगे रहते थे। कहते थे- नोट छापते रहो। बंडल के बंडल कहां जाते थे? मैं भी पीछे लगा रहा। अब लोग गरीबों के पैर पकड़ते हैं कि मेरा दो-तीन लाख रुपया अपने खाते में डाल दो। कभी किसी अमीर को गरीब के पैर पकड़ते देखा था?\" - मोदी बोले, \"आज जिन बेईमान लोगों ने पैसा जमा किया है। उनके पास बैंकों के बाहर कतार लगाने की ताकत नहीं है। वो गरीबों के घर के बाहर कतार लगाता है।\" इसलिए मायने रखता है मोदी का बयान : 14 दिनों में 21 हजार करोड़ से ज्यादा जनधन खातों में डिपॉजिट - देशभर के करीब 25.5 करोड़ जनधन खातों का बैलेंस 9 नवंबर को 45 हजार करोड़ रुपए था। - नोटबंदी के बाद 14 दिनों के भीतर इन खातों का बैलेंस करीब 21 हजार करोड़ रुपए बढ़कर 66 हजार करोड़ हो गया। यूपी के जनधन खातों में सबसे ज्यादा डिपॉजिट - उत्तर प्रदेश में 3.79 करोड़ जन धन अकाउंट्स हैं। इनमें सबसे ज्यादा 10670.62 करोड़ रुपए जमा हुए। - इस मामले में वेस्ट बंगाल दूसरे नंबर पर रहा। यहां 2.44 करोड़ अकाउंट्स हैं, जिनमें 7,826.44 करोड़ रुपया जमा हुआ। - 1.89 करोड़ एकाउंट्स के साथ राजस्थान तीसरे नंबर पर रहा। यहां 5,345.7 करोड़ रुपए जमा हुए। - बिहार में 2.62 करोड़ एकाउंट्स हैं। 16 नवंबर 2016 तक इनें 4,912.79 करोड़ रुपए की राशि जमा की गई। \'जितनी आसानी से वॉट्सऐप देखते हो, उतनी आसानी से मोबाइल से लेनदेन कर सकते हो\' - मोदी ने कहा, \"अगर आपके बैंक में पैसे हैं, आप मोबाइल फोन से जो चाहें कर सकते हैं। जो खरीदना है, खरीद सकते हैं। एटीएम पर जाकर नोट निकालना जरूरी नहीं है। आप अपने मोबाइल फोन से भी खर्चा कर सकते हैं।\" - \"देश में 40 करोड़ स्मार्ट फोन हैं। कम से कम वो तो नोटों के चक्कर से निकल जाएं। कहने का मतलब यह है कि हिंदुस्तानी नई चीज को स्वीकार करने में देर नहीं करता।\" - \"भविष्य में यह भ्रष्टाचार की बीमारी खड़ी न हो तो इसके लिए भी दरवाजे बंद करने हैं। सारा कारोबार मोबाइल से करो। मुश्किल काम नहीं है। जितनी आसानी से वॉट्सऐप देखते हैं, उतनी आसानी से मोबाइल से पैसे देकर सामान खरीद सकते हो।\" फकीरी ने दी मुझे लड़ने की ताकत - मोदी ने कहा, \"अगर कोई भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता है तो गुनहगार है क्या? भाइयो-बहनो! मैं हैरान हूं कि आज मेरे ही देश में कुछ लोग मुझे गुनगहार कह रहे हैं।\" - \"क्या कारण है? क्या मेरा यही गुनाह है कि भ्रष्टाचारियों के दिन पूरे होने जा रहे हैं? क्या गरीबों के लिए काम कर रहा हूं, यही गुनाह है मेरा? पहले छापाें में बिस्तर के नीचे से करोड़ों रुपए मिलते थे। ये पैसे किसके थे?\" - मोदी बोले, \"हिंदुस्तान की पाई-पाई पर आप लोगाें का हक है। ज्यादा से ज्यादा मेरा क्या कर लेंगे? हम तो फकीर आदमी हैं। झोला लेकर चल पड़ेंगे। ये फकीरी है जिसने मुझे गरीबों की लड़ाई लड़ने की ताकत दी है।\"


Create Account



Log In Your Account