बाजपेयी के निधन पर विभिन्न दलों के नेताओं ने ट्विटर व अन्य माध्यमों से प्रकट किया शोक संवेदना, बताया अपूरणीय क्षति

रिपोर्ट: Ramesh Pandey

देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी नहीं रहे। 93 वर्ष की उम्र में ली अंतिम साँस| वाजपेयी के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हर स्नेही को दुःख सहन करने की शक्ति दे। पीएम मोदी ने लिखा कि मैं नि:शब्द हूं, शून्य में हूं। हम सभी के श्रद्धेय अटल जी हमारे बीच नहीं रहे। अपने जीवन का प्रत्येक पल उन्होंने राष्ट्र को समर्पित कर दिया था। उनका जाना, एक युग का अंत है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर दुख प्रकट करते हुए आज कहा कि देश ने अपना एक महान सपूत खो दिया है। वाजपेयी जी को करोड़ों लोग स्नेह और सम्मान देते थे। उनके परिवार एवं चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। हम उनकी कमी महसूस करेंगे। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के रूप में देश ने सबसे बड़े राजनीतिक शख्सियत के साथ ही प्रखर वक्ता, कवि, लेखक, चिंतक, विचारक और करिश्माई व्यक्तित्व को खो दिया है।

केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी ट्विटर के जरिये अपनी शोक संवेदना प्रकट की है|

उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाजपेयी के निधन को एक महान जीवन का अंत बताया| उन्होंने कहा कि उनकी प्रेरणा सदैव जीवंत रहेगी|

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शोक जताया है। श्री पांडेय ने नई दिल्ली पहुंच उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री पांडेय ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनके निधन से एक युग का अंत हो गया है। विपक्ष के भी कायल अटल जी न सिर्फ भारतीय राजनीति के भीष्म पितामह थे बल्कि करिश्माई व्यक्ति भी कहलाते थे। उनके निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक की नहीं जा सकती है। उन्होंने कहा कि वो मेरे आदर्श ही नहीं बल्कि अभिभावक भी थे। उनके निधन की खबर से मर्माहत हूं।

बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी ने शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि देश ने भारत की राजनीति के मजबूत स्तंभ, लेखक, विचारक, कवि को खो दिया है। उनके नेतृत्व में देश का चहुंमुखी विकास हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। देश के लिए शोक की घड़ी है। हम सभी देशवासी उनके निधन से मर्माहत हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्राी व वर्तमान सांसद पद्मश्री डाॅ0 सी0 पी0 ठाकुर ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की है। डाॅ0 ठाकुर ने अपने शोक संदेश में कहा कि उनके निधन से मेरी व्यक्तिगत क्षती हुई है। उन्होने कहा मुझे व्यक्तिगत रूप से हमेशा अटल जी का विशेष स्नेह एवं मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा है तथा उनसे सार्वजनिक जीवन की बारीकियों को समझने का मौका मिला है।

 जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्‍पू यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने कहा कि अटल जी का निधन देश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्ष‍ति है। इसकी भरपाई संभव नहीं है। श्री यादव ने कहा कि अटल जी के साथ संसद में काम करने का मौका मिला था। उनसे काफी कुछ सीखने का भी अवसर मिला था।

भाजपा विधायक संजीव चैरसिया ने शोक प्रकट करते कहा है कि राजनीति के महानायक प्रतिभा के धनी, पुरूष आदरणीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी अब हमारे बीच नही रहें यह इस देश के लिए अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई कर पाना असंभव है। वे प्रधानमंत्री के पद पर लम्बे समय तक रहते हुए देश की सेवा की। उन्हें मैं कोटी-कोटी श्रद्धांजली अर्पित करता हूँ।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र प्रसाद यादव ने बाजपेयी के निधन को राष्ट्र की अपूरणीय क्षति बताया है| उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी उदार हृदय व महान राजनेता थे| वे एक कवि के रूप में भी जाने जाते थे। आज सम्पूर्ण देश महान व्यक्तित्व, प्रखर वक्ता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए द्विवगांत आत्मा की शांति की कामना करता है।
 


Create Account



Log In Your Account