केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए बॉलीवुड सेलेब्स, प्रशंसकों से भी दान देने का किया आग्रह

रिपोर्ट: Ramesh Pandey

केरल में आयी भीषण बाढ़ से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है| बाढ़ के कारण जानमाल का भी भारी नुकसान हुआ है| फसलों और संपत्तियों समेत लगभग कुल आठ हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है| केरल में बारिश के कारण महज एक दिन में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गयी| केरल के सीएम पी| विजयन ने बताया कि राज्य में बाढ़ के कारण मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 324 हो गयी है| ऐसे में फिल्मी सितारों ने देश के लोगों से आगे आकर मदद करने का आह्वान किया है। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, वरुण धवन, अनुष्का शर्मा और अभिषेक बच्चन जैसी बॉलीवुड हस्तियों से लेकर दक्षिणी फिल्म जगत के दुलकेर सलमान और सिद्धार्थ जैसे दिग्गजों ने न केवल हेल्पलाइन नंबर साझा किए बल्कि जितनी संभव हो सके, मदद करने का आग्रह किया।

अमिताभ ने ट्वीट किया, “केरल में लगातार बारिश के चलते मची तबाही भयावह है। सैकड़ों और हजारों बहन-भाई बेहद तकलीफ में हैं। हमें केरल के लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए जितना योगदान कर सकते हैं, उतना करना चाहिए। मैंने किया है। आपको भी जरूर करनी चाहिए।” इसी बीच शाहरुख के मीर फाउंडेशन ने बाढ़ पीड़ितों के बीच काम कर रहे एक राहत समूह को 21 लाख रुपये दान में दिए हैं।

जैकलिन ने केरल बाढ़ राहत कार्यक्रम के लिए काम कर रहे एनजीओ हैबीटेट फॉर ह्यूमैनिटी इंडिया को पांच लाख रुपये देने का फैसला किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा, “केरल में बाढ़ के हुए विनाश को देखकर मैं बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदना जरूरतमंद लोगों के साथ है। मैंने हैबीटेट फॉर ह्यूमैनिटी इंडिया के जरिए दान देने का फैसला किया है।”अभिनेत्री ने अपने दोस्तों, प्रशसंकों और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों से भी बाढ़ राहत कार्य में मदद करने की गुजारिश की। 

केरल की मदद के लिए फिल्म निर्माता प्रियदर्शन अपना और अभिनेता अक्षय कुमार का चेक पहले ही मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष को सौंप चुके हैं। प्रियदर्शन ने लिखा, “आइए, एकजुट होकर केरल को दोबारा पटरी पर लेकर आएं। कोई राजनीति नहीं, कोई धर्म नहीं सिर्फ मानवता। आइए, केरल को बचाने के लिए एकजुट हो जाएं।” ऑस्कर विजेता रेसुल पुकुट्टी ने विद्या बालन, सोनम कपूर और आलिया भट्ट जैसे सभी हस्तियों का धन्यवाद किया जिन्होंने केरल की मदद में योगदान दिया है।

 


Create Account



Log In Your Account