विपक्ष का महागठबंधन देश के गरीबों को धोखा देने वाले लोगों का महामिलावट है : नरेंद्र मोदी

रिपोर्ट: Ramesh Pandey

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के गुंटूर में एनडीए के सहयोगी रहे तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू पर राज्य को अपने स्वार्थ के लिए बांटने वाली कांग्रेस के समक्ष समर्पण करने का आरोप लगाया है| गौरतलब है कि पीएम मोदी की इस जनसभा के विरोध में टीडीपी कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप काले गुब्बारे उड़ाए वही गुंटूर में जगह-जगह पोस्टर लगे थे| गुंटूर के जनसभा में विपक्षी दलों के महागठबंधन को भी पीएम मोदी ने आड़े हाथों लिया| ख़ास बात यह रही कि उनके निशाने पर चंद्रबाबू नायडू ज्यादा रहे|

प्रधानमन्त्री मोदी ने चंद्रबाबू नायडू पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब एनटी रामा राव की विरासत संभाल रहे नेता अपनी कमियों को छिपाने के लिए दूसरों पर आरोप लगाने की राजनीति करने लगें, तो समझ लेना चाहिए कहीं ना कहीं कुछ गड़बड़ है| उन्होंने कहा कि जब कोई मुख्यमंत्री सत्य के बजाय लगातार असत्य ही बोले तो साफ है कि उसकी जमीन खिसक चुकी है, उन्हें एहसास हो गया है कि जनता का भरोसा उन पर से उठ चुका है| आज गुंटूर से मैं झूठ के बहुत बड़े अभियान पर विराम लगाना चाहता हूं| केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश के विकास के लिए बीते 55 महीने में कोई कमी नहीं छोड़ी| कमी रही तो इतनी की केंद्र से जो पैसा आया उसे यहां की सरकार ने आपको नहीं बताया, उस पैसे का सही इस्तेमाल नहीं किया| हमने आंध्र प्रदेश के लिए एक नया स्पेशल असिस्टेंस पैकेज बनाया| जिसका आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने स्वागत करते हुए वित्त मंत्री को धन्यवाद भी दिया| विधानसभा में भी इस निर्णय की सराहना की गई| लेकिन इस पैकेज का सही इस्तेमाल कर पाने में नाकाम, राज्य का विकास कर पाने में नाकाम टीडीपी ने यू-टर्न ले लिया|

प्रधानमन्त्री ने आंध्र विभाजन के नाराजगी को और हवा देने की भी कोशिश की| उन्होंने कहा कि जब आंध्र प्रदेश का बंटवारा हुआ, तो केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी| वही कांग्रेस, जिसने इस बंटवारे में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लोगों का हित नहीं, अपना स्वार्थ देखा आज उसी कांग्रेस के सामने चंद्रबाबू नायडू जी ने समर्पण कर दिया| पीएम ने कहा जिस तेलुगु देशम पार्टी का जन्म आंध्र को कांग्रेस मुक्त करने के लिए हुआ था, उसके नेता को कांग्रेस मुक्त भारत की तरफ बढ़ना चाहिए था, नामदारों के घमंड को चूर-चूर करना था, वो आज उन्हीं नामदारों के नतमस्तक हो गए हैं| चंद्रबाबू नायडू के बेटे का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि अपने सिद्धांतों से ‘एन लोकेश’ के पिताजी इसलिए भटक गए हैं क्योंकि वो सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते| मैं आज उनका सच आपको बताना चाहता हूं: पहला सच- चुनाव में बुरी तरह हार का डर, दूसरा सच- अपने बेटे को राजनीति में स्थापित करने की कोशिश, तीसरा सच- अपनी वेल्थ का क्रिएशन और चौथा सच- जो इस समय आपसे बात कर रहा है, आपका ये चौकीदार| इन चारों सच्चाइयों से वो डरे हुए हैं|

पीएम ने कहा कि वेल्थ क्रिएशन करनेवाले लोग ही चौकीदार से परेशान हैं| हमारा दायित्व अपने लिए वेल्थ क्रिएशन करना नहीं  बल्कि देश की वेल्थ का है| नरेंद्र मोदी ने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री को तकलीफ है कि आपका ये चौकीदार, मेरी सरकार उनसे हिसाब मांगती है| आंध्र प्रदेश के विकास के लिए जो राशि दी गई, टैक्सपैयर्स का पैसा आपको दिया गया, उसकी पाई-पाई का हिसाब दीजिए| यही उन्हें अखरता है| केंद्र की मोदी सरकार को रोकने के लिए बन रहे विपक्ष के महागठबंधन को पीएम मोदी ने महामिलावट करार दिया| उन्होंने कहा कि महामिलावट का ये क्लब ऐसे लोगों का क्लब है, जहां लगभग हर किसी पर गरीब को, देश को धोखा देने के आरोप में कानून का शिकंजा कस रहा है| उन्होंने कहा महा-मिलावट के जिस क्लब में यहां के मुख्यमंत्री जी शामिल हुए हैं, उसका मकसद सिर्फ अपने स्वार्थ को, अपनी राजनीति के दीए को जलाए रखने का है|

 


Create Account



Log In Your Account