15 वर्षों के नीतीश राज में बिहार से मजदूरों का बढ़ा पलायन

रिपोर्ट: इन्द्रमोहन

पटना : दिल्ली अग्निकांड में हुए 30 से अधिक बिहारी मजदूरों की मौत की घटना को राष्ट्रीय जन संभावना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सहनी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए नीतीश सरकार पर निशाना साधा है| उन्होंने कहा कि 15 वर्षों के नीतीश राज में भी बेरोजगारी का दंश झेलनेवाले युवाओं का बिहार से तेजी से पलायन हुआ है|  लेकिन, राज्य सरकार आंकड़ों की बाजीगरी और कागजी खानापूर्ति कर पलायन में कमी लाने का ढिंढोरा पीटती रही है| दिल्ली अग्निकांड में सबसे अधिक बिहारी मजदूरों की मौत इसका जीता जागता उदाहरण है| रोजगार युवाओं के लिए अगर रोजगार के अवसर बिहार में होते तो आज यह मनहूस दिन पीड़ित परिजनों को नहीं देखना पड़ता| गौरतलब है कि दिल्ली में उपहार अग्निकांड के 22 साल बाद अनाज मंडी इलाके में रविवार सुबह बैग बनाने वाली चार मंजिला अवैध फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड के बाद आग और प्लास्टिक के धुंए की वजह से 43 मजदूरों की मौत हो गई। इस अग्निकांड में 5 जिंदा जल गए जबकि 38 लोगों की मौत दम घुटने से हुई। मृतकों में 30 बिहार के हैं। घायलों में 12 लोग बिहार के हैं|

श्री सहनी ने कहा कि लालू-राबड़ी के जंगलराज की बुनियाद और न्याय के साथ विकास का नारा देकर बिहार की कमान संभालनेवाले नीतीश कुमार का वर्तमान बिहार अराजक स्थिति के दौर से गुजर रहा है जहाँ आये दिन लूट, हत्या, बैंक डकैती और जघन्य आपराधिक घटनाएं आम बात हो गयी है| लोग भय और दहशत के माहौल में जीने को विवश है| इन सबसे बेपरवाह नीतीश कुमार जल-जीवन-हरियाली यात्रा कर जनमत हासिल करने के लिए राजनैतिक नौटंकी करने में लगे हैं| बिहार की जनता का विश्वास हासिल करने में इस बार नीतीश कुमार नाकाम साबित होंगे| एक के बाद हो रही आपराधिक घटनाओं ने नीतीश कुमार की उल्टी गिनती शुरू कर दी है|

 


Create Account



Log In Your Account