जलजमाव पीड़ितों को मुआवजा दिलाने हेतु 19 अक्टूबर को आप पार्टी का 'महाधरना'

रिपोर्ट: सुशांत पाठक

पटना : आम आदमी पार्टी, बिहार के नेताओं ने पिछले दिनों पटना के कई इलाकों में हुए जलजमाव के मुद्दे पर पार्टी प्रदेश कार्यालय में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर नीतीश सरकार की नीतियों एवं उनके अधिकारियों के नाकामियों को उजागर किया| प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि - महज दो दिनों की बारिश में पूरे पटना में चार से पाँच फीट जलजमाव का होना आश्चर्यजनक है| यह बिहार सरकार की लापरवाही, व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और सरकारी तंत्र की विफलता का प्रमाण है। दो दिनों की मूसलाधार बारिश ने पटना नगर निगम, नगर विकास विभाग और PM मोदी के नमामि गंगे की कलई खोल दी है। उन्होंने कहा कि जलजमाव का मुख्य कारण नालों की उड़ाही का नही होना है जिसके लिये पटना नगर निगम को  मानसून पूर्व प्रति वर्ष छः से 07 करोड़ रुपये मिलते हैं| नाला उड़ाही के नाम पर निर्गत होनेवाली राशी का बंदरबांट कर अधिकारियों ने राजधानी को ही नहीं राज्य सरकार के नाक को डुबोया है।

मनोज कुमार ने कहा कि पटना नगर निगम की  निगरानी करने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। ग्यारह हजार चार सौ अठहत्तर करोड़ रुपए की प्रधानमंत्री की नमामि गंगे परियोजना के तहत अब तक करीब एक हजार करोड़ रूपये की निकासी हो चुकी है जिसमे शहर से गंदे पानी को सीवर और संप हाउसों के माध्यम से बाहर निकालना था। लेकिन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी यह योजना जमीन पर नही उतर सकी। बिहार सरकार की अक्षमता और लापरवाही के परिणामस्वरूप पटना के राजेन्द्र नगर, कंकड़बाग, पाटलिपुत्रा कालोनी, बोरिंग रोड जैसे पाश इलाकों में भी एक पखवाड़े तक चार से पाँच फीट का जलजमाव रहा। लोगो का घर मकान, गाड़ी, व्यापार-रोजगार के साथ-साथ जानमाल की भी क्षति हुई। पानी निकलने के बाद अब लोग कई प्रकार की बीमारियों के शिकार हो रहे हैं।

‘आप’ नेताओं ने पटना में  हुए इस जलजमाव के लिए बिहार सरकार  तथा पटना नगर निगम की लापरवाही का परिणाम मानते हुए प्रभावित परिवारों को नीतीश सरकार से क्षतिपूर्ति देने की मांग की है| प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने जलजमाव की चपेट में आये गृहस्वामियों  को एक-एक लाख रुपए प्रति छतदार मकान, किरायदारों को पच्चास हजार रुपए प्रति परिवार, जलजमाव से क्षतिग्रस्त  चार पहिया वाहन मालिको को 50 हजार रुपए प्रति वाहन, मोटरसाइकिल मालिको को 15 हजार रुपए मुआवजा दिए जाने की मांग की है| इसके साथ ही झुग्गी झोपड़ी में रह रहे गरीब परिवारों को मुआवजा स्वरूप बीस-बीस हजार रुपए एक सप्ताह के अंदर देने की माँग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की है। चेतावनी भरे लहजे में आप’ नेताओं ने कहा कि अगर 19 अक्टूबर तक प्रभावित परिवारों को मुआवजा नहीं दिया गया तो प्रभावित लोगों के साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ता राजेंद्रनगर गोलम्बर के समीप 'महाधरना' करेगी।

संवाददाता सम्मलेन में अधिवक्ता प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षा रागिनीलता सिंह, पटना जोनल उपाध्यक्ष अरविंद कुमार, प्रदेश प्रवक्ता अमर यादव, प्रदेश मीडिया प्रभारी बबलू कुमार प्रकाश, मृणाल कुमार 'राज', सोशल मीडिया कार्डिनेटर सौरभ शर्मा, अधिवक्ता डॉ ज्योत्स्नाशंकर सिंह, कार्यालय प्रभारी कृष्णमुरारी गुप्ता सहित पार्टी के अन्य नेता उपस्थित थे|

 


Create Account



Log In Your Account