CM नीतीश ने दौलतराम पेंसिया, धर्मेश चौहान सहित अन्य लोगों को दिलाई JDU की सदस्यता

रिपोर्ट: Ramesh Pandey

पटना : जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पार्टी की सदस्यता अभियान 2019-22 का शुभारम्भ किया| जेडीयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित शुभारम्भ समारोह में नीतीश कुमार ने राजस्थान जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष दौलतराम पेंसिया, दादर नागर हवेली के अध्यक्ष धर्मेश चौहान, गुजरात प्रदेश अध्यक्ष जयंती भाई पटेल, पश्चिम बंगाल जेडीयू अध्यक्ष अशोक कुमार दास, मध्यप्रदेश जेडीयू अध्यक्ष सूरज जायसवाल सहित अन्य कई प्रदेशों के अध्यक्ष को विधिवत रूप से पार्टी की सक्रिय सदस्यता दिलाई| वही मुख्यमंत्री ने देश के कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही आमजनों को भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई|

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से जेडीयू की सदस्यता अभियान पार्टी के संविधान के मुताबिक़ तीन वर्ष के अंतराल में शुरू की गयी है जो अगले एक माह तक चलेगी| उन्होंने कहा कि हर तीन वर्ष पर सदस्यता अभियान चलाकर जो पहले से सदस्य हैं उन्हें रेनुअल किया जाता है| इसके अलावे सरकार के काम और  पार्टी की सोच एवं विचारधारा को ध्यान में रखते हुए स्वेच्छा से जो नये लोग पार्टी से जुड़ना चाहते हैं उन्हें भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई जाती है| वर्ष 2016 में पार्टी का सदस्यता अभियान चलाया गया था जिसके तीन वर्ष पूरा होने के पहले ही इस अभियान की शुरुआत की गयी थाई ताकि तीन वर्ष पूरा होने तक सदस्यता अभियान के बाद पंचायत से लेकर राष्ट्रीय स्तर के निर्वाचन का काम भी निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा कर लिया जाय| पार्टी की सदस्यता ग्रहण करनेवाले सभी प्रदेश अध्यक्षों एवं आमजनों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश अध्यक्ष को मैं विशेष तौर पर बधाई देता हूँ क्योकि चुनाव आयोग ने जनता दल यूनाइटेड को अरुणाचल प्रदेश में राज्य स्तरीय पार्टी की मान्यता देने की विधिवत रूप से घोषणा कर दी है|

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेडीयू ने प्रारम्भ से जो काम किया है उसके कारण पार्टी की सदस्यता निरंतर बढ़ रही है| पिछली बार पार्टी के सदस्य बनने पर लोगों को एक पेड़ लगाने का संकल्प भी दिलाया गया| चूँकि बिहार का हरित आवरण मात्र 9 प्रतिशत ही था| आबादी को ध्यान में रखते हुए इसे 17 प्रतिशत तक बढाया जा सकता है| इसके लिए हरियाली मिशन के तहत मिशन मोड में काम शुरू करने के साथ ही जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने पर एक पेड़ लगाने का अभियान प्रारंभ किया गया जिसका परिणाम हुआ कि 15 प्रतिशत का लक्ष्य हासिल करने के बाद 17 प्रतिशत के लक्ष्य पर काम आगे बढ़ रहा है| उन्होंने कहा कि आज औचारिक रूप से सदस्यता अभियान की शुरुआत की गयी है| कल पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होनेवाली है जिसमे सभी प्रदेशों से आनेवाले लोगों को जरूरत के मुताबिक़ सदस्यता फॉर्म उपलब्ध कराया जायेगा ताकि बिना किसी व्यवधान के निर्धारित अवधि के अंदर प्रक्रिया पूरी की जा सके| उन्होंने कहा कि मैं जिस बूथ का मतदाता हूँ, वहां के 25 लोगों को आज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई है| जनता दल यूनाइटेड को जो भी ज्वाइन करना चाहते हैं| इस सदस्यता अभियान के माध्यम से पार्टी से जुड़ सकते हैं|

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड का राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते इस सदस्यता अभियान के माध्यम से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही लोगों को पार्टी की सदस्यता दिला रहे हैं| इसके माध्यम से शुभचिंतकों एवं समर्थकों को संदेश देना है कि जेडीयू के सदस्यता अभियान की जो प्रक्रिया है उसकी शुरुआत हो चूकी है| उन्होंने कहा कि बिहार में 50 लाख जेडीयू के सदस्य हैं और जो भी हमारे काम और विचारों से सहमत वे सदस्यता अभियान के जरिये पार्टी से जुड़ सकते हैं| सदस्यता अभियान समारोह के आयोजकों को मुख्यमंत्री ने विशेष तौर पर धन्यवाद दिया|

ममता बैनर्जी से मुलाक़ात के सन्दर्भ में पत्रकारों द्वारा किये गये सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कल जनता दल यूनाइटेड की होनेवाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और चुनावी रणनीतिकार श्री प्रशांत किशोर आयेंगे| उन्होंने कहा कि सितम्बर में वे जेडीयू में शामिल हुए थें और वे जेडीयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष होने के अलावे चुनावी रणनीतिकार भी है| उनके मार्गदर्शन में ही पॉलिटिकल स्ट्राटेजी से सम्बंधित उनकी कम्पनी है चलती है| इससे पार्टी को कोई लेना देना नही है| वे पॉलिटिकल एक्टिविस्ट के साथ-साथ पॉलिटिकल स्ट्राटेजिस्ट के रूप में भी काम करते हैं| उन्हें क्या निर्णय लेना है वे ही एक्सप्लेन और दिसाईड करेंगे कि वे क्या सोच रहे हैं| उन्होंने कहा कि पार्टी के काम में इससे कोई दिक्कत नहीं है और न ही बीजेपी की तरफ से आपत्ति आई है| 2021 में पश्चिम बंगाल में होनेवाले चुनाव में जेडीयू और प्रशांत किशोर की भूमिका से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की स्टेट यूनिट यह डिसाईड करेगी|

झारखंड में जेडीयू के अकेले चुनाव लड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में पार्टी के जो लोग हैं| वही यह तय करेंगे कि वहां कैसे चुनाव लड़ना है| जब डिसीजन लेकर हमलोगों के सामने बाते आएगी तब उसपर सहमति बनाई जायेगी| अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है| अलीगढ़ में ढाई वर्षीया मासूम की निर्ममतापूर्वक की गयी हत्या की घोर निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी जितनी भर्त्सना की जाय वह कम है| उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त से कार्रवाई होनी चाहिए|

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग पूरे तौर पर एनडीए के साथ हैं| इसमें कही किसी को कोई भ्रम नहीं होनी चाहिए| उन्होंने कहा कि केंद्र में माननीय मोदी जी की सरकार है और हमलोगों को केन्द्रीय मंत्रिमंडल में सिम्बोलिक भागीदारी दी जा रही थी जिसकी हमें जरूरत महसूस नहीं हुई| यह हमारी सोच है विरोध नहीं| केन्द्रीय मंत्रिमंडल में एक या दो मंत्री बना देने से क्या फर्क पड़ता है| हमारे मन में इसके लिए न कोई दुःख है और न ही इसकी कोई आवश्यकता है| उन्होंने कहा कि हमलोग एनडीए के साथ है और एक-दूसरे को पूरा सहयोग भी कर रहे हैं| बिहार विधान सभा का चुनाव आनेवाला है और हम सभी साथ हैं इसलिए गलत अर्थ नहीं निकालना चाहिए| हमलोगों ने बिहार के हित को ध्यान में रखते हुए गठबंधन का फैसला लिया था| बूथवाइज और एरिया वाइज एनालीसिस कर लीजिये नारी सशक्तिकरण और कमजोर तबको को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए हमलोगों ने जो काम किया है| उसके कारण काफी तादाद में लोग पार्टी से जुड़े हैं| 

नीति आयोग की बैठक में ममता बैनर्जी के शामिल नहीं होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो शामिल होंगे| उन्होंने कहा कि कौन, क्या प्रतिक्रया देता हैं उससे हमे कोई मतलब नहीं है| हर किसी का अपना-अपना विचार होता है| नीति आयोग की बैठक में स्टेट हित से सम्बंधित बातों पर चर्चा होती है|  

इस अवसर पर जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह, सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ़ गाँधी जी सहित जेडीयू के अन्य नेतागण, अन्य राज्यों से आयें जेडीयू के अध्यक्ष, नेता, समर्थक एवं कार्यकर्ता उपस्थित थें|


Create Account



Log In Your Account