धोनी अब भी हैं दुनिया के नंबर वन फिनिशर, आंकड़े हैं गवाह

रिपोर्ट: साभार

आईपीएल 11 में महेंद्र सिंह धोनी एक अलग ही अवतार में नजर आ रहे हैं| धोनी का पुराना टच लौट आया है और कैप्टन कूल एक बार फिर फिनिशर का रोल बखूबी निभा रहे हैं| कुछ वक्त पहले उनकी काबिलियत और भारतीय टीम में उनकी उपयोगिता पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी धोनी ने जुबान की बजाए अपने बल्ले से आलोचकों को खामोश कर दिया|

2011 वर्ल्ड कप के बाद भारतीय क्रिकेट के पटल में धीरे-धीरे एक बल्लेबाज अपने विराट रूप में अवतरित हो रहा था| रनों के पहाड़ खड़ा करने से लेकर चेजिंग तक और सचिन के रिकॉर्ड तोड़ने से लेकर सफल कप्तान तक हर जगह यह बल्लेबाज अपना जलवा बिखेर रहा था| इस रोशनी में धोनी नाम के चमकते सितारे की छवि पर ग्रहण लगता दिख रहा था| लेकिन आईपीएल में धोनी ने बता दिया कि 'टाइगर अभी जिंदा है|'



उम्र का तकाजा देकर धोनी को फिनिशर की बजाए टीम को आधार देने वाले मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज का रोल निभाने की सलाह दी जा रही थी, लेकिन आईपीएल के छह मैचों के बाद धोनी अपने पुराने अवतार में नजर आ रहे हैं| किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 79 रन की दमदार पारी हो या फिर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 70 रन की मैच विनिंग पारी, माही मार रहा है|

अब वनडे में धोनी के आंकड़ों पर नजर डाले तो, 2017 सीजन तक सफल रन चेज करने वाले बल्लेबाजों की सूची में महेंद्र सिंह धोनी का नाम सबसे ऊपर है| यदि कम से कम 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों का पैमाना रखा जाए तो, सफल रन चेज में महेंद्र सिंह धोनी का औसत 99.16 है| विराट कोहली 97.68 के औसत के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है| तीसरे स्थान पर 86.25 औसत के साथ ऑस्ट्रेलिया के माइकल बेवन है| इंग्लैंड के जो रूट का औसत 81.25 है| धोनी के फटाफट क्रिकेट में भरोसेमंद होने का बस इतना ही सबूत नहीं है, धोनी केवल लक्ष्य का पीछा करते हुए बेस्ट औसत नहीं रखते हैं, बल्कि अंत तक डटकर बल्लेबाजी करते हुए टीम को विजयी बनाकर ही वापस लौटने में सबसे आगे हैं|

धोनी के नाम पर सफल चेज में सबसे ज्यादा बार नाबाद रहने का रिकॉर्ड भी दर्ज है| धोनी 43 बार नाबाद रहकर इस रिकॉर्ड के मामले में सब पर भारी है| विराट कोहली और मौजूदा दौर का कोई क्रिकेटर उनके नजदीक नजर नहीं आता है|
 

महेंद्र सिंह धोनी 43 बार नाबाद
जोंटी रोड्स 33 बार नाबाद
इंजमाम उल हक 32 बाद नाबाद
रिकी पोंटिंग 31 बार नाबाद
मोहम्मद अजहरुद्दीन और जैक कैलिस 30 बार नाबाद



महेंद्र सिंह धोनी ने अपने करियर में 21 मर्तबा सफल चेज में सिक्सर मारकर जीत हासिल की है| अभी तक के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक: टेस्ट मैच में एक बार, घरेलू क्रिकेट में दो बार, चैंपियंस लीग में दो बार, टी20 क्रिकेट मैचों में तीन बार, आईपीएल में चार बार, वनडे इंटरनेशनल में 9 बार धोनी ने सिक्सर जमाकर टीम को जीत दिलाई है|

 


     


Create Account



Log In Your Account