हमारे पास आपसे ज्यादा खूबसूरत प्रचारक: कटियार; प्रियंका बोलीं- BJP बेनकाब हुई

रिपोर्ट: ramesh pandey

लखनऊ.बीजेपी नेता विनय कटियार ने बुधवार को प्रियंका गांधी को लेकर कॉन्ट्रोवर्शियल बयान दिया। कहा, "प्रियंका कोई कलाकार नहीं हैं, वो उतनी खूबसूरत भी नहीं हैं, जितना प्रचारित किया जाता है।" राज्यसभा सदस्य कटियार ने यह भी कहा, "हमारी पार्टी में स्मृति ईरानी हैं, जो प्रियंका से ज्यादा भीड़ जुटा सकती हैं। हमारे पास कई स्टार प्रचारक हैं, जो प्रियंका से ज्यादा खूबसूरत हैं।" कटियार के बयान पर प्रियंका ने कहा, "इससे महिलाओं को लेकर बीजेपी की सोच बेनकाब हो गई है।" कटियार ने और क्या कहा... - न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कटियार ने एक इंटरव्यू में कहा, "बीजेपी में खूबसूरत महिलाओं की कमी नहीं है। जहां खड़ा कर देंगे, उनसे ज्यादा वोट ला सकती हैं।" - ''प्रियंका जैसी बहुत-सी कलाकार हैं, हीरोइनें हैं, बाकी और खूबसूरत महिलाएं हैं जो इस तरह का अभियान चला सकती हैं। तो (प्रियंका को) आने दीजिए। अच्छी बात है। कम से कम वे (प्रियंका) निकलेंगी तो सही। बहुत-सी महिलाओं को खड़ा कर देंगे। भारतीय जनता पार्टी में कमी है क्या?'' - ''प्रियंका कोई कलाकार नहीं हैं। वे खूबसूरत भी नहीं हैं उतनी, जितना लोग प्रचारित करते हैं। इनसे भी ज्यादा खूबसूरत महिलाएं हमारे यहां हैं, जो उनसे ज्यादा वोट जुटा सकती हैं।'' - ''स्मृति ईरानी हमारी स्वयं खड़ी हो जाती हैं तो भीड़ जुटाती हैं। अच्छा भाषण भी देती हैं। उनसे अच्छा कौन भाषण देने वाले कौन है? सब हैं हमारे यहां। कोई कमी है क्या?'' - बीजेपी लीडर कटियार से सवाल किया गया था कि प्रियंका के स्टार प्रचारक होने से बीजेपी को क्या फर्क पड़ेगा? कांग्रेस ने कहा- मोदी, शाह माफी मांगे - कांग्रेस ने कटियार के इस बयान पर एतराज जताया है। - कांग्रेस के नेशनल स्पोक्सपर्सन रणदीप सुरजेवाला ने कहा, "बीजेपी ने देश की महिलाओं का अपमान किया है, पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। कटियार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।" - पार्टी स्पोक्सपर्सन बृजेश कलप्पा ने कहा, "यह एक चौंकाने वाला बयान है, ऐसी सोच से भारतीय समाज पर बुरा असर पड़ता है। इससे बीमार मानसिकता का भी पता चलता है।" - "बयान की कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। हमें नहीं मालुम कि बीजपी ये सब कैसे बर्दाश्त करती है।" मुझे बीजेपी की सोच पर हंसी आती है: प्रियंका - प्रियंका ने कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट कर कहा, "अगर पूरी बीजेपी की मेरी बहादुर और खूबसूरत साथियों के बारे में यही सोच है तो इस तरह की मानसिकता पर मुझे हंसी आती है क्योंकि वे सभी खुद को सशक्त बनाकर उस मुकाम तक पहुंची हैं।" विनय कटियार माफी मांगे: रॉबर्ट वाड्रा - प्रियंका के हसबैंड रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, "प्रियंका पर इस तरह के कमेंट से मैं हैरान हूं। ऐसे बयान से कुछ नेताओं की शर्मनाक मानसिकता सामने आई है। विनय कटियार को अपने बयान पर पब्लिकली माफी मांगनी चाहिए।" - "महिलाएं इस तरह के बयान को बर्दाश्त नहीं करेंगी, उन्हें इसके खिलाफ लड़ना होगा। हमें महिलाओं को वस्तु मानने के बजाय उनके साथ बराबरी का बर्ताव करना चाहिए।" शो बीच में ही छोड़कर चल दिए कटियार - एनडीटीवी के शो पर इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बुधवार को विनय कटियार और महिला कांग्रेस की नेशनल प्रेसिडेंट शोभा ओझा को बुलाया गया। - शो में कटियार ने कहा, "मीडिया में जैसा मेरा बयान चल रहा है, वैसा मैंने कुछ नहीं बोला है। प्रियंका हमारी भतीजी के समान हैं।" - "खूबसूरती की चर्चा इसलिए हुई क्योंकि एक पत्रकार ने पूछा कि प्रियंका प्रचार पर निकलेंगी तो कांग्रेस को उनकी सुंदरता के चलते वोट मिलेगा। इस पर मैंने कहा कि उनको सुंदरता के चलते वोट मिलेगा तो बहुत से सुंदर इधर भी हैं। हमें भी मिलेगा। इस पर विवाद खड़ा करना ठीक नहीं है।" - इस पर शोभा ओझा ने कटियार से कहा, "आपने प्रियंका गांधी नहीं, अपनी पार्टी की और देश की महिलाओं का अपमान किया है।" - इसके बाद कटियार ने कहा, "हमने ऐसा नहीं किया है, आप विषय को आगे मत बढ़ाइए। थैंक्यू...बहुत हो गया।" - इसके बाद कटियार माइक उतारकर शो बीच में ही छोड़कर चले गए। स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नहीं हैं कटियार - यूपी असेंबली इलेक्शन के लिए बीजेपी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में विनय कटियार का नाम नहीं है। - पार्टी ने पहले 2 फेज के चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों के नामों का एलान किया है। इस लिस्ट में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, मनोहर पर्रिकर और वरुण गांधी को भी शामिल नहीं किया गया है। - स्टार प्रचारक नहीं बनाए जाने पर कटियार ने कहा, "पार्टी हाईकमान ने जो फैसला लिया है, सही ही होगा। उन्हें लगता है कि मैं इस सूची में जाने लायक नहीं हूं।"


Create Account



Log In Your Account