मुज्जफरपुर दुष्कर्म की घटना के खिलाफ 29 जुलाई को आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन एवं राजभवन मार्च

रिपोर्ट: Ramesh Pandey

पटना 26 जुलाई : आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शत्रुघ्न साहु ने कहा है कि मुजफ्फरपुर के बालिका सुधार गृह में नाबालिग बच्चियों के साथ हुई दुष्कर्म की घटना से पूरे देश और दुनिया में बिहार की छवि एक बार फिर धूमिल हुई है| यह घटना देश के लोकतंत्र एवं संविधान पर एक काला धब्बा है| इसकी जितनी भी निंदा की जाये, वह कम है| उन्होंने कहा कि अगर राज्य के मुख्यमंत्री में रत्तीभर भी नैतिकता बची है तो उन्हें अविलम्ब इस्तीफ़ा दे देनी चाहिये| प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मलेन में शत्रुघ्न साहु ने कहा कि अब तक 29 लड़कियों के साथ रेप की पुष्टि हो चुकी है| गवाहों के बयान में अब यह बात भी साफ़ हो गया है कि समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा के पति चंदेश्वर वर्मा की इस पूरी घटना में संलिप्तता है| बावजूद इसके मंजू वर्मा मंत्री पद पर बनी हुई है यह समझ से परे है|

नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए सवालिया लहजे में शत्रुघ्न साहु ने कहा कि मंत्री पद से मंजू वर्मा का इस्तीफा अब तक क्यों नहीं लिया गया और मंत्री पति की गिरफ्तारी क्यों नहीं की गयी? इन तमाम सवालों का जबाब जनता जानना चाहती है| उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा का ढिंढोरा पीटनेवाली सुशासन की इस सरकार में संचालक, नेताओं एवं अधिकारियों की मिलीभगत से बालिका सुधार गृह को पिछले कई सालों से कोठे में तब्दील कर दिया गया और सरकार को भनक तक नहीं लगी| यह बहुत ही हास्यास्पद है| उन्होंने कहा कि टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज के सोशल ऑडिट में इस तरह की घटना का रिपोर्ट आने के बाद भी राज्य सरकार ने कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की| सोशल आंडिट में मुजफ्फरपुर के बालिका गृह समेत राज्य के कुल 13 संस्थानों पर गम्भीर आरोप लगे हैं, उन बाकी संस्थानों पर भी अभी तक कोई कारवाई नहीं हुई है|

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी बबलू कुमार प्रकाश ने इस पूरी घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए इसकी जाँच न्यायालय के देख-रेख में करने की मांग की है| उन्होंने कहा कि अगले छः माह के अंदर इस पूरी घटना की जाँच पूरी कर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए| आम आदमी पार्टी इन मांगों को लेकर आगामी 29 जुलाई को बिहार प्रभारी-सह-राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुये राजभवन मार्च करेगी| दुष्कर्म पीड़ित बच्चियों को न्याय दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी  द्वारा राज्यभर में आंदोलन किया जायेगा|

इस अवसर पर  पर केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित कुमार, धनंजय सिन्हा, कृष्ण मुरारी, दीपक कुमार मौजूद थे|

 


Create Account



Log In Your Account